
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा छत्तीसगढ़ में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर होगी और 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ इसका समापन किया जाएगा। एक महीने के दौरान सेवा गतिविधियों, जनसंपर्क, सुशासन और जनभागीदारी से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान अभियान की रूपरेखा साझा की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, भाजपा राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू और प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन भी मौजूद रहे।
‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी शुरुआत
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने के कार्यक्रम से होगी। इसके जरिए प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित किया जाएगा। साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 25 वर्ष का सार्वजनिक जीवन प्रेरणादायी है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण के लिए प्रतिबद्धता और प्रामाणिकता के साथ काम किया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, ‘सेवा संकल्प अभियान’ केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के प्रति धन्यवाद की अभिव्यक्ति भी है।
विद्यार्थियों और युवाओं को भी जोड़ा जाएगा
अभियान के तहत विद्यार्थियों और युवाओं के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 18 सितंबर को ड्राइंग प्रतियोगिता और 19 सितंबर को प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता प्रस्तावित है। वहीं ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के माध्यम से नुक्कड़ नाटक और सांगीतिक प्रस्तुतियों के जरिए केंद्र सरकार की योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव की कहानियां सामने रखी जाएंगी।
‘सेवा संकल्प यात्रा’ से बदलते बस्तर को दिखाने की तैयारी
अभियान में ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के माध्यम से बदलते बस्तर को देश के सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। इसके जरिए बस्तर में शांति, विकास और सुरक्षा से जुड़े बदलावों को रेखांकित किया जाएगा। इसके अलावा ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ के तहत ब्लॉक और तहसील स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इनमें हितग्राहियों को योजनाओं के स्वीकृति-पत्र वितरित करने और राजस्व संबंधी मामलों के निराकरण का प्रयास किया जाएगा।
रक्तदान से लेकर जल संरक्षण तक होंगी गतिविधियां
23 से 25 सितंबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इसमें रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा में सहयोग, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। अभियान के दौरान दीप प्रज्वलन, रंगोली और जल संरक्षण जैसे कार्यक्रमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी है।
सेवा और सुशासन के जरिए जनसंपर्क पर जोर
भाजपा के इस अभियान में राजनीतिक और सांगठनिक गतिविधियों के साथ सामाजिक भागीदारी पर भी जोर दिया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं को छात्रों, किसानों, आवास और उज्ज्वला जैसी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच बनाने के लिए सक्रिय किया जाएगा। वहीं ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ के जरिए लंबित राजस्व मामलों और सरकारी योजनाओं से जुड़े प्रकरणों के निराकरण पर जोर रहेगा। भाजपा का उद्देश्य सेवा और सुशासन के संदेश को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के साथ जनभागीदारी को बढ़ाना है। 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ अभियान का समापन होगा। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में सेवा कार्यों, जनसंपर्क और सरकार की योजनाओं को केंद्र में रखते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।