
रायपुर/बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ ग्राम पंचायत सदस्य एसोसिएशन की ओर से पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकार, सम्मान और संगठनात्मक एकजुटता को लेकर स्वाभिमान संकल्प यात्रा का आयोजन 7 सितंबर 2026 को बलौदाबाजार जिले में किया गया। यात्रा में जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों के उपसरपंचों एवं पंचायत सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पंचायत प्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार शुकतेल, प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित वर्मा, राष्ट्रीय संरक्षक रामबृक्ष, प्रदेश संयुक्त सचिव तेजेश्वर शर्मा, प्रदेश सचिव राजेश मधुकर तथा दुर्ग जिला अध्यक्ष जयप्रकाश साहू रहे।
अजय सिंह चौहान बोले—पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मान और अधिकार हमारी प्राथमिकता
राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौहान ने कहा कि ग्राम पंचायत सदस्य गांव की लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे ग्रामीणों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और गांव के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद पंचायत सदस्यों को अपेक्षित अधिकार और सम्मान नहीं मिलना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि स्वाभिमान संकल्प यात्रा का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर उनके अधिकारों और सम्मान की आवाज को मजबूत करना है। संगठन पूरे छत्तीसगढ़ में पंचायत प्रतिनिधियों को जोड़ने और उनकी समस्याओं को शासन के समक्ष मजबूती से रखने का कार्य कर रहा है। उन्होंने पंचायत सदस्यों से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
मनोज शुकतेल ने कहा—गांव की आवाज को बुलंद करना जरूरी
प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार शुकतेल ने कहा कि पंचायत सदस्य सीधे जनता के बीच रहकर काम करते हैं और ग्रामीण स्तर की वास्तविक समस्याओं से सबसे अधिक परिचित होते हैं। इसलिए पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उन्हें उचित अधिकार एवं सम्मान मिलना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संगठन पंचायत प्रतिनिधियों के स्वाभिमान और उनके हक की लड़ाई को प्रदेशभर में मजबूती से आगे बढ़ाएगा। स्वाभिमान संकल्प यात्रा के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों को एकजुट कर उनकी आवाज शासन तक पहुंचाई जा रही है।
जिलेभर से जुटे पंचायत प्रतिनिधि
कार्यक्रम में वीरेंद्र जागड़े जिला अध्यक्ष, सिमगा मंडल अध्यक्ष जागेश्वरी, हेमलाल साहू, जिला उपाध्यक्ष भागमती साहू, भाटापारा मंडल अध्यक्ष उदय साहू, मधु मनोज मारकंडे सहित बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने संगठन की एकजुटता और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।