
प्रदर्शनकारियों ने तत्काल सड़क मरम्मत की मांग उठाई, मंत्री के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त
रायपुर /अंबिकापुर। शहर की बदहाल सड़कों को लेकर गुरुवार को लोगों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। बारिश के बीच स्थानीय समाजसेवी संगठन से जुड़े लोगों ने कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक राजेश अग्रवाल के सरकारी बंगले का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने शहर की खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अंबिकापुर शहर की कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से बदहाल हैं। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो गई है, जिससे वाहन चालकों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग को लेकर मंत्री के बंगले के बाहर प्रदर्शन किया। घेराव के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल अंबिकापुर में मौजूद नहीं थे। वे सूरजपुर में थे। बंगले के घेराव की जानकारी मिलने के बाद मंत्री कुछ देर में अंबिकापुर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
बारिश थमते ही सड़क निर्माण शुरू कराने का भरोसा
प्रदर्शनकारियों से चर्चा के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने जल्द सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल बारिश के कारण सड़क निर्माण में दिक्कत आ रही है और मौसम साफ होने का इंतजार किया जा रहा है। बारिश थमते ही सड़कों पर निर्माण एवं मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा। शहर की सड़कों की मौजूदा स्थिति पर मंत्री ने कहा कि वह स्वयं इससे शर्मिंदा हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में अंबिकापुर की सड़कों की दशा और दिशा बदलने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
प्रदर्शनकारियों को चाय-नाश्ता भी कराया
मंत्री से मुलाकात और आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। इस दौरान मंत्री ने प्रदर्शनकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें चाय-पानी, लड्डू और आलू चाप भी खिलाया तथा अपनी बात रखने के लिए पहुंचे लोगों का धन्यवाद किया। अब मंत्री के आश्वासन के बाद लोगों की नजर बारिश थमने के बाद होने वाले सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य पर है। देखना होगा कि शहर की बदहाल सड़कों को सुधारने का काम कितनी तेजी से जमीन पर शुरू होता है।