बालोद एसिड अटैक का दुर्ग कनेक्शन: 250 रुपए में खरीदा था तेजाब, बिक्री का रिकॉर्ड नहीं मिला तो दुकानदार पर केस

बालोद एसिड अटैक का दुर्ग कनेक्शन: 250 रुपए में खरीदा था तेजाब, बिक्री का रिकॉर्ड नहीं मिला तो दुकानदार पर केस

दुर्ग। बालोद में 22 वर्षीय युवती पर हुए एसिड अटैक मामले की जांच में दुर्ग कनेक्शन सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, युवती पर हमले में इस्तेमाल किया गया 500 एमएल सल्फ्यूरिक एसिड दुर्ग की एक साइंटिफिक प्रोडक्ट दुकान से 250 रुपए में खरीदा गया था। जांच के दौरान दुकान संचालक तेजाब की बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद दुर्ग के पद्मनाभपुर थाने में उसके खिलाफ संबंधित अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, दुकान संचालक की पहचान शोभराज यदु, निवासी सुभाष नगर, दुर्ग के रूप में हुई है। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ एसिड का विनियमन, प्रतिबंध, विक्रय और इस्तेमाल अधिनियम, 2013 की धारा 15(1) के तहत कार्रवाई की गई है।

27 सितंबर को खरीदा था 500 एमएल तेजाब

पुलिस की जांच में सामने आया कि बालोद एसिड अटैक के आरोपी यश कुमार सोनकर और करण कुंजाम ने 27 सितंबर को दुर्ग की साइंटिफिक प्रोडक्ट दुकान से 500 एमएल सल्फ्यूरिक एसिड खरीदा था। आरोपियों के बयान के आधार पर तेजाब की खरीद और बिक्री से जुड़े तथ्यों की जांच की गई। इसके बाद पुलिस ने दुकान संचालक से आवश्यक दस्तावेज मांगे।

5 अक्टूबर को युवती के चेहरे पर फेंका था तेजाब

यह घटना 5 अक्टूबर की है। बालोद की 22 वर्षीय युवती एमए की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। वह सुबह करीब 9:30 बजे आमापारा स्थित लाइब्रेरी गई थी। दोपहर में घर लौटते समय सिंचाई कॉलोनी में आत्मानंद स्कूल के पास एक युवक ने कथित तौर पर पीछे से आकर उसके चेहरे पर ज्वलनशील तरल पदार्थ फेंक दिया। हमले में युवती के चेहरे और दोनों हाथों में गंभीर जलन हुई। उसकी आंखें भी नहीं खुल पा रही थीं। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।

शक के चलते हमले की साजिश रचने का आरोप

बालोद पुलिस ने इस मामले में यश कुमार सोनकर और करण कुंजाम को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, यश को युवती के दूसरे लड़कों से बातचीत करने का शक था। इसी बात से नाराज होकर उसने अपने दोस्त करण के साथ मिलकर हमले की साजिश रची। जांच एजेंसी के अनुसार, 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:15 बजे यश के कहने पर करण ने युवती पर तेजाब फेंका था।

बिक्री रजिस्टर और लाइसेंस नहीं दिखा सका दुकानदार

पुलिस के अनुसार, बालोद में दर्ज मामले की जांच के दौरान तेजाब की खरीद दुर्ग की दुकान से होने की जानकारी सामने आई। 14 अक्टूबर को ऑनलाइन सीसीटीएनएस के माध्यम से मामला दुर्ग के पद्मनाभपुर थाने पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने दुकान संचालक शोभराज यदु को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया। पुलिस का दावा है कि उसने दोनों आरोपियों को तेजाब बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 94 के तहत नोटिस देकर तेजाब बिक्री का लाइसेंस, बिक्री रजिस्टर, खरीदारों के नाम-पते, पहचान पत्र और मोबाइल नंबर से संबंधित मूल दस्तावेज मांगे थे। पुलिस के मुताबिक, संचालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ संबंधित कानून के तहत मामला दर्ज किया गया।

तेजाब की बिक्री के नियमों की भी जांच

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) शोभराज अग्रवाल के मुताबिक, बालोद एसिड अटैक में इस्तेमाल किए गए तेजाब की खरीद दुर्ग की दुकान से होने की जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई की गई है। मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद तेजाब की बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड और नियामकीय नियमों के पालन का मामला भी जांच के दायरे में आ गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *