
रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के नागरिकों की मौत से शोक की लहर है। हादसे में छोटे बच्चों के भी असामयिक निधन की जानकारी सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
घायलों की मदद के लिए छत्तीसगढ़ से टीम रवाना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर हादसे में घायल नागरिकों के समुचित उपचार तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए शुक्रवार को छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल के लिए रवाना की गई। टीम स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर घायलों के उपचार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार और स्थानीय प्रशासन से लगातार संपर्क एवं समन्वय किया जा रहा है, ताकि घायलों के इलाज तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जा सके।
CM साय बोले- कठिन समय में परिवारों के साथ खड़ी है सरकार
मुख्यमंत्री ने हादसे को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकसंतप्त परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। भंडारा हादसे के बाद छत्तीसगढ़ सरकार की टीम घायलों के उपचार, मृतकों के परिजनों तथा स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर आगे की आवश्यक कार्रवाई में सहयोग के लिए सक्रिय हो गई है।