रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा इस बार उनके जन्मदिन से देशभर में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर से होगी और यह 18 अक्टूबर तक चलेगा। पार्टी का लक्ष्य सेवा गतिविधियों के जरिए समाज के हर गांव और हर वर्ग तक पहुंच बनाना है। भाजपा हर वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को सेवा पखवाड़े के रूप में मनाती है। इस बार मोदी के सार्वजनिक जीवन में सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के कारण कार्यक्रम का विस्तार करते हुए इसे एक महीने तक चलाने का फैसला किया गया है।
25 प्रमुख सेवा गतिविधियों पर रहेगा फोकस
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत देशभर में 25 प्रमुख सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर समेत समाजसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम शामिल होंगे। अभियान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ओपी चौधरी को सदस्य की जिम्मेदारी दी गई है। छत्तीसगढ़ में प्रदेश संयोजक की जिम्मेदारी भाजपा महामंत्री यशवंत जैन को सौंपी गई है। वहीं अमित साहू, जी वेकंट, हर्षिता पांडेय, विभा अवस्थी और अंबिकेश केशरी को सदस्य बनाया गया है। प्रदेश के अलग-अलग संभागों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं। संगठन की योजना है कि जिलों में होने वाले कार्यक्रमों में संबंधित सरकारी अधिकारियों को भी जोड़ा जाए, ताकि जरूरतमंदों तक योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिल सके।
युवाओं से 25 मिनट सेवा का आह्वान
अभियान में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। संगठन की ओर से युवाओं से कम से कम 25 मिनट सेवा गतिविधियों में योगदान देने का आह्वान किया जाएगा। युवाओं के साथ महिलाओं, किसानों और समाज के अन्य वर्गों को भी अलग-अलग सेवा कार्यक्रमों से जोड़ने की योजना है। ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं और सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकालने की तैयारी
अभियान के दौरान देशभर में एक साथ ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकालने की भी तैयारी की जा रही है। इसके कार्यक्रम और तारीख को लेकर जल्द विस्तृत सूचना जारी की जाएगी। इसके अलावा ‘सेवा सेतु’ अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। इसके माध्यम से उन लोगों की मदद करने का प्रयास किया जाएगा, जो दस्तावेजों की कमी या अन्य कारणों से सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। आयुष्मान योजना में नाम नहीं जुड़ने, पीएम किसान सम्मान निधि से संबंधित समस्या और अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ में आ रही अड़चनों को दूर कराने के लिए संगठन स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने की योजना है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का भी होगा सम्मान
‘सेवा संकल्प अभियान’ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान समेत कई सामाजिक कार्यक्रम शामिल किए जाएंगे। भाजपा की योजना सेवा गतिविधियों को केवल संगठनात्मक कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय समाज के विभिन्न वर्गों से सीधे जोड़ने की है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर जरूरत के अनुसार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
29 अगस्त को होगी प्रदेश स्तरीय कार्यशाला
अभियान की तैयारियों को लेकर 22 अगस्त को दिल्ली में बैठक आयोजित की गई थी। इसमें विभिन्न प्रदेशों के संयोजक और सदस्यों को अभियान की विस्तृत कार्ययोजना की जानकारी दी गई। अब छत्तीसगढ़ में 29 अगस्त को प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसके बाद जिलों में भी कार्यशालाएं होंगी। इनमें अभियान की गतिविधियों, जिम्मेदारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी। भाजपा का लक्ष्य इस एक महीने के अभियान के जरिए सेवा कार्यों को व्यापक स्तर पर पहुंचाना और संगठन के साथ समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।