
जामगांव-आर, 25 सितंबर 2026। ग्राम पंचायत जामगांव-आर में 26 सितंबर को प्रस्तावित विभिन्न विकास एवं सामाजिक कार्यों के लोकार्पण, भूमिपूजन तथा प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को अंचल में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश के कारण स्थगित कर दिया गया है। कार्यक्रम में पाटन विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित था। ग्राम पंचायत जामगांव-आर के सरपंच रूपेंद्र शुक्ला ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम में आने वाले लोगों को संभावित असुविधा का सामना करना पड़ सकता था। इसे देखते हुए फिलहाल कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की नई तिथि बाद में निर्धारित की जाएगी। नई तिथि तय होने के बाद क्षेत्रवासियों एवं संबंधित लोगों को इसकी सूचना दी जाएगी। गौरतलब है कि 26 सितंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में झेरिया धोबी समाज अहाता निर्माण का भूमिपूजन, धीवर समाज भवन का लोकार्पण, शहीद डोमेश्वर साहू की प्रतिमा का अनावरण तथा ज्योति कलश कक्ष का लोकार्पण प्रस्तावित था। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय नेताओं के शामिल होने की भी जानकारी दी गई थी।