भिलाई में गूंजी ओडिशा की संस्कृति, नुआखाई मिलन समारोह में विजय बघेल ने कहा—भिलाई है मिनी भारत, विविधता में एकता ही भिलाई की पहचान

भिलाई में गूंजी ओडिशा की संस्कृति, नुआखाई मिलन समारोह में विजय बघेल ने कहा—भिलाई है मिनी भारत, विविधता में एकता ही भिलाई की पहचान

भिलाई। उत्कल संस्कृति एवं परंपरा के प्रतीक पावन पर्व नुआखाई के अवसर पर उत्कल युवा जनकल्याण समिति द्वारा उत्कल पारा, संडे मार्केट सुपेला, भिलाई में नुआखाई मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल शामिल हुए। समिति के पदाधिकारियों ने सांसद विजय बघेल का प्रतीक चिन्ह, शाल एवं श्रीफल भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में सांसद विजय बघेल ने माता समलेश्वरी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की तथा सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। समारोह में समिति के बच्चों ने ओडिशा की समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि भिलाई मिनी भारत है, जहां देश के विभिन्न राज्यों और समाजों के लोग आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि ओडिशा की संस्कृति से जुड़े बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां देखकर ऐसा लगा मानो भिलाई में नहीं, बल्कि स्वयं ओडिशा में आ गए हों।

सांसद ने कहा कि नुआखाई हमारी सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता का सुंदर प्रतीक है। ऐसे आयोजन विभिन्न समाजों की संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने माता समलेश्वरी एवं भगवान जगन्नाथ से सभी के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हुए बच्चों के संस्कारवान एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में दिनेश सोना, प्रदीप टांडी, छोटू, शिवा डेविड, अंकुर नायक, आकाश सोना, रवि जाल, रवि, दिनेश, दीपू टांडी, विक्की कुरैशी, रंजीत यादव, रमेश राव, राहुल, निखिल हर्ष, हरीष, रमेश, मोहम्मद इरफान खान, पवन कौशिक सहित समाज के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *