
सक्ती में राज्यस्तरीय कार्यक्रम,बस्तर में सर्वे की तारीख 31 अक्टूबर तक बढ़ी
रायपुऱ । छत्तीसगढ़ के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश को 3.65 लाख अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। सक्ती में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 2 लाख नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश कराया। इस दौरान हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से नए घरों की चाबी भी सौंपी गई। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अतिरिक्त आवासों की स्वीकृति संबंधी पत्र मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को सौंपा। साथ ही बस्तर संभाग में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के सर्वे की समय-सीमा बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2026 करने की घोषणा की गई। सक्ती में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की घोषणा भी केंद्रीय मंत्री ने की।
प्रतिदिन 1600 से अधिक आवास पूरे
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत छत्तीसगढ़ में आवास निर्माण का काम तेजी से चल रहा है और प्रदेश में प्रतिदिन 1600 से अधिक आवास पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पक्के आवास के साथ गरीब परिवारों को उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, निःशुल्क राशन, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है।
ढाई साल में 11.50 लाख से अधिक आवास पूर्ण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गरीब परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति देकर अपनी प्राथमिकता स्पष्ट कर दी थी। मुख्यमंत्री के अनुसार पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 11.50 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी पात्र गरीब परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे। आवास प्लस-प्लस सर्वे में शामिल शेष पात्र परिवारों के लिए भी आवास स्वीकृत कराने का प्रयास जारी है।
13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री साय ने ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और बिहान के माध्यम से प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं महतारी वंदन योजना से करीब 70 लाख माताओं-बहनों को लाभ मिलने तथा अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि उनके खातों में अंतरित किए जाने की जानकारी दी।
सक्ती में खुलेगा कृषि विज्ञान केंद्र
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सक्ती में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की घोषणा की। इससे क्षेत्र के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत खेती, फसल विविधीकरण और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों की जानकारी स्थानीय स्तर पर मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कृषि की व्यापक संभावनाएं हैं और किसानों की आय बढ़ाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं।
बस्तर के पात्र परिवारों को सर्वे में मिलेगा अतिरिक्त समय
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के सर्वे से छूटे बस्तर संभाग के पात्र परिवारों को राहत देते हुए सर्वे की समय-सीमा 31 अक्टूबर 2026 तक बढ़ाई गई है। इससे पात्र परिवारों को योजना में शामिल होने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा।
AI आधारित सत्यापन और नए ग्रामीण अभियान शुरू
कार्यक्रम में 2 लाख आवासों में गृह प्रवेश के साथ ग्रामीण विकास से जुड़े कई अभियानों और नवाचारों की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में AI आधारित जियो-टैग सत्यापन का शुभारंभ किया गया। इसके अलावा ‘धार अपार’ और ‘सुघ्घर बाड़ी’ अभियान तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टरों का विमोचन किया गया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे। उन्होंने नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों और आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे लोगों के आवास की भी चिंता किए जाने की बात कही। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी 2027 तक प्रदेश के हर विद्यालय में बालिका शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपती कीर्तन चंद्रा सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, लखपति दीदियां और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही उपस्थित रहे।