रायपुर। रायपुर जिले के चंदखुरी स्थित मां कौशल्या मंदिर परिसर में आगामी 26 से 28 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय राज्यस्तरीय मानस महोत्सव एवं अलंकरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन मां कौशल्या मंदिर समिति चंदखुरी तथा विनीत मानस दर्शन जीवन अर्पण (छत्तीसगढ़) के तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन को “मानस ब्रह्म वर्ष—मानस मंथन 6.0” नाम दिया गया है। तीन दिनों तक मानस गायन, सामूहिक धार्मिक आयोजन, आशीर्वचन एवं अलंकरण समारोह आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव का शुभारंभ 26 सितंबर, शनिवार को भव्य कलश यात्रा, दीप प्रज्वलन एवं मानस गान के साथ होगा। दोपहर 1 बजे से कार्यक्रम आयोजित होंगे, जबकि शाम 7 बजे से संत श्री नारायण महाराज जी के आशीर्वचन एवं श्रीरामकथा का आयोजन होगा। आयोजन में रायपुर, दुर्ग,राजिम, बागबाहरा, बेमेतरा, डोंगरगढ़, महासमुंद, धमतरी,कबीरधाम सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से मानस परिवार शामिल होंगे। मानस दर्शन जीवन दर्शन संस्था के पदाधिकारियों के अनुसार महोत्सव का उद्देश्य श्रीरामचरितमानस के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना, मानस गायन की परंपरा को आगे बढ़ाना तथा मानस साधना एवं सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले मानस प्रेमियों का सम्मान करना है। आयोजन को लेकर मानस प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
27 और 28 सितंबर को मानसगान, संतो का आशीर्वचन सहित अलंकऱण समारोह
द्वितीय दिवस 27 सितंबर, रविवार को मानस गायन एवं अलंकरण समारोह होगा। इस अवसर पर पूज्य संत श्री राजीवलोचन महाराज जी का आशीर्वचन होगा। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से मानस मंडलियां एवं मानस परिवार अपनी प्रस्तुतियां देंगे इसी तरह तृतीय दिवस 28 सितंबर, सोमवार को मानस गायन एवं अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दिन संत श्रीमज्ज्योतिर्मयानंद सरस्वती महाराज जी एवं संत श्री सिया गोवर्धन शरण महाराज जी का आशीर्वचन प्राप्त होगा।