राष्ट्रीय खेल दिवस पर 29 अगस्त को रायपुर में होगा राज्य अलंकरण समारोह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे सम्मानित
रायपुर, 27 अगस्त 2026। राज्य शासन ने खेल अलंकरणों के लिए चयनित खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों की सूची जारी कर दी है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए कुल 82 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को विभिन्न पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए 5 दलों के कुल 43 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों का चयन किया गया है। चयनित प्रतिभाओं को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।
राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। समारोह में शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान तथा मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए चयनित खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा।