यंग इंडियंस पार्लियामेंट के ईस्टर्न रीजनल राउंड के समापन समारोह में दुर्ग सांसद विजय बघेल ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए संसदीय प्रक्रिया और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ने का आह्वान किया।
दुर्ग। अनंत्या ग्रीन्स रिसॉर्ट, दुर्ग में आयोजित यंग इंडियंस पार्लियामेंट 2026 के ईस्टर्न रीजनल राउंड का दो दिवसीय आयोजन उत्साहपूर्ण एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल से आए 115 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। समापन समारोह में दुर्ग सांसद विजय बघेल की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और अपने अनुभव साझा किए। सांसद बघेल ने कहा कि युवाओं को संसदीय प्रक्रियाओं, विचार-विमर्श और लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली से जोड़ने वाली पहल उनके व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने यंग इंडियंस (YI) दुर्ग चैप्टर द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को संसद की कार्यप्रणाली को समझने और उसका व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर देना सराहनीय प्रयास है। उन्होंने आयोजन की पूरी वर्किंग टीम के समर्पण और प्रयासों की भी प्रशंसा की।
आयोजन को सफल बनाने में यंग इंडियंस दुर्ग चैप्टर के चेयर अभिषेक सुराना, को-चेयर वेदान्त कानाबार तथा YIP आयोजन टीम के गगन अग्रवाल, निकुंज अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, स्वप्निल श्रीवास्तव, शिल्पा सुराना, सुधीर बंसल एवं अभिनव बंसल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सांसद विजय बघेल ने पूरी टीम को बधाई देते हुए युवाओं के लिए ऐसे प्रभावी मंच तैयार करने के प्रयासों की सराहना की। सांसद के प्रेरणादायी संबोधन से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उनकी उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाने के साथ युवाओं के साथ उनके सीधे संवाद और जुड़ाव को भी रेखांकित किया। यंग इंडियंस दुर्ग चैप्टर की यह पहल युवाओं में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, विचार-विमर्श और लोकतांत्रिक मूल्यों को विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में सामने आई। दो दिवसीय कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।