
रायपुर, 15सितंबर 2026। राज्यपाल रमेन डेका 14 सितंबर को रायगढ़ में 41वें अंतर्राष्ट्रीय चक्रधर समारोह का शुभारंभ करेंगे। 14 से 23 सितंबर तक दस दिनों तक चलने वाला यह प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजन रायगढ़ के रामलीला मैदान में आयोजित होगा।
चक्रधर समारोह रायगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक और कलात्मक परंपरा का प्रमुख उत्सव है। समारोह में देश और प्रदेश के ख्यात कलाकार अपनी कला एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। शास्त्रीय नृत्य, शास्त्रीय संगीत, लोककला सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह के प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल रमेन डेका 14 सितंबर को जांजगीर-चांपा से सड़क मार्ग से प्रस्थान कर शाम 4.30 बजे रायगढ़ के पतरापाली स्थित जिंदल स्टील गेस्ट हाउस पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 7.15 बजे रामलीला मैदान पहुंचकर चक्रधर समारोह के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। राज्यपाल डेका पतरापाली स्थित जिंदल स्टील गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। 15 सितंबर को पूर्वाह्न 11.30 बजे वे जांजगीर-चांपा के लिए प्रस्थान करेंगे।