रायपुर में आज से तीन दिवसीय यूथ इनोवेशन कॉन्क्लेव, 1500 से ज्यादा युवा होंगे शामिल

राज्यपाल रमेन डेका करेंगे शुभारंभ, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे; स्टार्टअप पिचिंग में शीर्ष तीन को मिलेंगे 1 लाख, 75 हजार और 50 हजार रुपये

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय ‘छत्तीसगढ़ यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। कॉन्क्लेव का शुभारंभ सोमवार को राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इस अवसर पर कृषि विकास, किसान कल्याण एवं जैव प्रौद्योगिकी मंत्री रामविचार नेताम के साथ विधायक मोतीलाल साहू और अनुज शर्मा भी मौजूद रहेंगे। कॉन्क्लेव में छत्तीसगढ़ के अलावा देशभर से 1500 से अधिक युवा शामिल होंगे। अब तक 1200 से ज्यादा प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया है। इच्छुक युवाओं के लिए 28 सितंबर को स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

नवाचार और स्टार्टअप को मिलेगा मंच

तीन दिवसीय कॉन्क्लेव में नवाचार और स्टार्टअप प्रदर्शनी के साथ पिचिंग सेशन, विशेषज्ञों के व्याख्यान, निवेशक-स्टार्टअप संवाद, मेंटरशिप और इनक्यूबेशन सत्र आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में कृषि एवं एग्रीटेक, खाद्य प्रसंस्करण, बायोटेक्नोलॉजी, ग्रामीण उद्यमिता, डिजिटल टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीप-टेक, नवीकरणीय ऊर्जा और फिनटेक जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे युवाओं को अपने विचार और उत्पाद प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। पिचिंग सेशन में चयनित तीन शीर्ष स्टार्टअप को क्रमशः 1 लाख, 75 हजार और 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही प्रतिभागियों को विशेषज्ञों और निवेशकों से संवाद का अवसर मिलेगा।

बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर के नए भवन का लोकार्पण

कॉन्क्लेव के दौरान छत्तीसगढ़ के पहले और एकमात्र बायोटेक्नोलॉजी सेक्टर-केंद्रित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर के नए भवन का लोकार्पण भी किया जाएगा। करीब दो एकड़ में विकसित इस केंद्र में आधुनिक प्रयोगशालाओं के साथ BSL-3 सुविधा, एनालिटिकल एवं टेस्टिंग सुविधाएं, किट और तकनीक विकास इकाइयां, वेस्ट ट्रीटमेंट सिस्टम तथा को-वर्किंग और इनक्यूबेशन स्पेस उपलब्ध हैं। केंद्र के माध्यम से शोधार्थियों, स्टार्टअप और उद्यमियों को प्रोटोटाइप विकास, प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और मेंटरिंग की सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

स्टार्टअप नीति के क्रियान्वयन को गति देने पर जोर

कॉन्क्लेव का प्रमुख उद्देश्य राज्य की नवाचार एवं स्टार्टअप संवर्धन नीति 2025-30 के क्रियान्वयन को गति देना और युवाओं को नए उद्यम शुरू करने के लिए आवश्यक मंच उपलब्ध कराना है। आयोजन के जरिए स्थानीय समस्याओं के तकनीकी और व्यावसायिक समाधान विकसित करने के साथ स्टार्टअप को बाजार और निवेशकों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। कृषि, बायोटेक्नोलॉजी, हेल्थ, फूड, पर्यावरण और अन्य उभरते क्षेत्रों में काम कर रहे युवाओं, स्टार्टअप और संस्थानों को एक साझा मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाला यह कॉन्क्लेव युवाओं, स्टार्टअप, निवेशकों, विशेषज्ञों और संस्थानों के बीच संवाद और सहयोग के लिए मंच उपलब्ध कराएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *