शहीद की पत्नी ने CM साय को बांधी राखी: 800 जवानों की कलाई पर सजी स्नेह की डोर, बोले- आज सगी बहन से बढ़कर बहन मिली

रायपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर रायपुर के इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को भावनात्मक और यादगार कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर’ नाम से हुए इस आयोजन में स्कूली बच्चियों ने सीआईएसएफ, बीएसएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस के करीब 800 जवानों की कलाई पर राखी बांधी। इस दौरान शहीद वीर जवान युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को राखी बांधकर भाई-बहन के रिश्ते की डोर को और मजबूत किया। राखी बंधवाने के बाद मुख्यमंत्री साय ने भावुक अंदाज में कहा कि आज उन्हें माधुरी वर्मा के रूप में एक बहन मिली है। उन्होंने कहा कि उनकी कोई सगी बहन नहीं है और वे भाई-भाई हैं, लेकिन आज उन्हें सगी बहन से बढ़कर एक बहन मिली है।

800 जवानों की कलाई पर सजी राखी

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली छात्राएं पहुंचीं। बच्चियों ने सुरक्षा बलों और पुलिस के जवानों को राखी बांधी। जवानों ने भी बहनों की सुरक्षा और सम्मान का भरोसा दिलाते हुए इस रिश्ते को निभाने का संकल्प जताया। इंडोर स्टेडियम में जवानों और स्कूली बच्चियों के बीच रक्षाबंधन का यह दृश्य लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम ने सुरक्षा बलों और आम नागरिकों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को भी सामने रखा।

शहीद जवानों के बलिदान को किया नमन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में जवानों के साहस और बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने लंबे समय तक कठिन परिस्थितियों में संघर्ष किया है और उनके बलिदान का असर अब बस्तर में दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जवानों की बहादुरी के कारण छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इसे बहनों और प्रदेशवासियों के लिए जवानों की ओर से मिले बड़े उपहार के रूप में बताया।

बस्तर में विकास को मिलेगी नई रफ्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद के कारण बस्तर में विकास प्रभावित रहा। अब सरकार का लक्ष्य क्षेत्र में विकास की गति तेज करना और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।उन्होंने कहा कि सुरक्षा के साथ-साथ बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है।रक्षाबंधन के अवसर पर योजना की 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपए महिलाओं के बैंक खातों में भेजे जाने की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी।

दिव्यांग बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति

कार्यक्रम में मूकबधिर और दिव्यांग बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को खास बना दिया। इस दौरान जिला प्रशासन की पांच योजनाओं और परियोजनाओं का शुभारंभ भी किया गया। कार्यक्रम में मंत्री केदार कश्यप, विधायक सुनील सोनी और विधायक पुरंदर मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।रक्षाबंधन के इस आयोजन ने जहां जवानों और बहनों के बीच स्नेह का रिश्ता मजबूत किया, वहीं शहीद की पत्नी द्वारा मुख्यमंत्री को राखी बांधने का भावुक क्षण कार्यक्रम की सबसे खास तस्वीर बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *