10 बजे से पहले मंत्रालय पहुंचने वालों की संख्या बढ़ी, ई-ऑफिस में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को मिला प्रशंसा पत्र; महिला अधिकारी रहीं अग्रणी
रायपुर, 17 सितंबर 2026। मंत्रालय महानदी भवन में गुरुवार को आयोजित मासिक सम्मान कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकासशील ने ई-ऑफिस के माध्यम से नस्तियों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण तथा कार्यालयीन समयबद्ध उपस्थिति में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को अगस्त माह के लिए प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्य सचिव ने कहा कि मंत्रालय में सुबह 10 बजे से पहले कार्यालय पहुंचने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि अटेंडेंस और ई-ऑफिस में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशंसा पत्र प्राप्त करने वालों में महिला अधिकारी अग्रणी हैं। उन्होंने सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों को बेहतर कार्य के लिए बधाई दी। उन्होंने बताया कि आगामी मूल्यांकन में 1 अप्रैल से 30 सितंबर 2026 तक की अवधि का संचयी आकलन किया जाएगा। इसके लिए ई-ऑफिस और कार्यालयीन उपस्थिति के आधार पर मंत्रालय में स्कोरबोर्ड तैयार किया जाएगा, जिससे अधिकारी-कर्मचारी अपने प्रदर्शन का आकलन कर सकेंगे।
ई-ऑफिस में विभागों का प्रदर्शन
ई-ऑफिस पर अगस्त माह में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग प्रथम, आदिम जाति विकास विभाग द्वितीय तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग तृतीय स्थान पर रहा। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।संयुक्त सचिव श्रेणी में भूपेन्द्र कुमार राजपूत प्रथम, अनुपम त्रिवेदी द्वितीय और गजपाल सिंह सिकरवार तृतीय रहे। उप सचिव श्रेणी में दूरदेशी राम सोन्टापर प्रथम, किशोर कुमार भूआर्य द्वितीय और शिव कुमार सिंह तृतीय स्थान पर रहे।
अवर सचिव श्रेणी में कैलाश कुमार नेताम प्रथम, अरूण कुमार मिश्रा द्वितीय तथा मगन लाल पवार तृतीय रहे। अनुभाग अधिकारी श्रेणी में मनीराम रात्रे प्रथम, वीरेन्द्र कुमार द्वितीय और लिलाम्बर ओहोदर तृतीय स्थान पर रहे। सहायक अनुभाग अधिकारी श्रेणी में मोहम्मद शाहिर अंसारी प्रथम, गोपाल प्रसाद चंद्रा द्वितीय तथा जलेश राम तृतीय रहे। वरिष्ठ सचिवालय सहायक श्रेणी में मुकेश राम प्रधान प्रथम, अंजू दत्ता द्वितीय और प्रमिला यादव तृतीय स्थान पर रहीं। कनिष्ठ सचिवालय सहायक श्रेणी में रामकुमार सिंह प्रथम, प्रभु सिंह राठिया द्वितीय और संदीप कुमार तारम तृतीय रहे। टेक्निकल सेक्शन में जगन्नाथ साहू प्रथम, माया देवांगन द्वितीय तथा स्मीत कुमार गुप्ता तृतीय स्थान पर रहे।
समयबद्ध उपस्थिति में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन
समयबद्ध कार्यालयीन उपस्थिति के लिए विभिन्न विभागों के कुल 35 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें सहायक अनुभाग अधिकारी, संयुक्त सचिव, निज सचिव, उप सचिव, अवर सचिव, अनुभाग अधिकारी, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ सचिवालय सहायक तथा भृत्य सहित विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारी शामिल रहे।
तीन महीने की रैंकिंग में भी लोक स्वास्थ्य विभाग आगे
जून, जुलाई और अगस्त की ई-ऑफिस रैंकिंग में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग प्रथम, आदिम जाति विकास विभाग द्वितीय तथा गृह विभाग तृतीय स्थान पर रहा। इसी अवधि की व्यक्तिगत रैंकिंग में सामान्य प्रशासन विभाग-1 के अवर सचिव कैलास कुमार नेताम प्रथम, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के उप सचिव दूरदेशी राम सोनटापर द्वितीय तथा लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के कनिष्ठ सचिवालय सहायक प्रभु सिंह राठिया तृतीय स्थान पर रहे।
अटेंडेंस रैंकिंग में महिला अधिकारी आगे
जून, जुलाई और अगस्त माह की अटेंडेंस रैंकिंग में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अवर सचिव दिव्या वैष्णव, उच्च शिक्षा विभाग के सहायक अनुभाग अधिकारी लोक नारायण शर्मा, सामान्य प्रशासन विभाग के वरिष्ठ सचिवालय सहायक मेलू राम ध्रुव, सामान्य प्रशासन विभाग की स्टेनोटायपिस्ट राखी सिदार तथा विमानन विभाग की सहायक अनुभाग अधिकारी सुधा शेंडे शीर्ष प्रदर्शन करने वालों में शामिल रहीं। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता और समयबद्धता सुनिश्चित करने में ई-ऑफिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। समय पर कार्यालय पहुंचना और फाइलों का त्वरित निराकरण प्रशासनिक कार्यसंस्कृति को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।