
भिलाई। दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने गुरुवार को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (JLNH & RC), सेक्टर-9 का दौरा कर अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही प्राथमिक चिकित्सा, दवाइयों की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। अस्पताल के एचओडी डॉ. उदय ने सांसद विजय बघेल को अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं का निरीक्षण कराया। उन्होंने बताया कि मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल के अलग-अलग विभागों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए दिशा-सूचक तीर लगाए गए हैं। इससे कैजुअल्टी सहित अन्य विभागों तक पहुंचना आसान हो गया है।
सांसद ने मरीजों के बैठने के लिए की गई नई व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में बेहतर सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. उदय के आने के बाद अस्पताल में कई व्यवस्थाओं में सुधार हुआ है तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान डॉ. उदय ने पुतले के माध्यम से आपातकालीन स्थिति में सीपीआर (CPR) देने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति की सांस रुकने और बेहोशी की स्थिति में तत्काल सीपीआर देकर उसकी जान बचाने में मदद की जा सकती है। उन्होंने छाती के मध्य भाग में निर्धारित तरीके से लगातार दबाव देने की प्रक्रिया समझाई। सांसद विजय बघेल ने भी स्वयं पुतले पर सीपीआर की प्रक्रिया को समझा और उसका अभ्यास किया।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि सेक्टर-9 अस्पताल से उनका पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं भिलाई इस्पात संयंत्र में कर्मचारी के रूप में 19 वर्षों तक सेवाएं दे चुके हैं। इस दौरान अस्पताल परिसर में मरीजों की सेवा एवं चिकित्सा सुविधाओं से संबंधित सेल्फी जोन का भी उन्होंने अवलोकन किया।उन्होंने डॉ. उदय सहित अस्पताल की पूरी टीम को मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए बधाई दी तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डॉ. सुनील, डॉ. पांडा (सीएमओ), डॉ. गुंजन सहित फार्मासिस्ट एवं अस्पताल के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।