
जामगांव आर । दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड में खारून नदी के तट पर स्थित प्राचीन सिद्धदात्री, भूमि फोड़ मां वृंदा देवी (डिंडा कपाट) धाम आगेसरा में शारदीय नवरात्रि महापर्व 2026 की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व रखने वाले इस धाम में नवरात्रि के दौरान श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बताया गया कि मां वृंदा देवी धाम को क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। 12वीं से 14वीं शताब्दी से जुड़े इस प्राचीन धाम में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर दूर-दूर से श्रद्धालु माता के दर्शन, पूजा-अर्चना एवं मनोकामना पूर्ति के लिए पहुंचते हैं।
नवरात्रि महापर्व का शुभारंभ 11 अक्टूबर 2026, रविवार को सुबह 11 बजे मनोकामना ज्योति कलश स्थापना के साथ होगा। इसके बाद 15 अक्टूबर, गुरुवार को पंचमी पूजन, 19 अक्टूबर, सोमवार को दोपहर 12 बजे महाअष्टमी एवं हवन पूजन तथा 20 अक्टूबर, मंगलवार को दोपहर 12 बजे ज्योति-जवारा विसर्जन का कार्यक्रम रखा गया है। नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं के लिए मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित करने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए तेल ज्योति ₹901 तथा घी ज्योति ₹1601 निर्धारित की गई है। महापर्व के दौरान मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। मां वृंदा देवी प्रचार समिति एवं समस्त ग्रामवासियों ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित धाम पहुंचकर माता का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
मां वृंदा देवी प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत आगेसरा के सरपंच रमाकांत साहू ने समस्त श्रद्धालुओं को नवरात्रि महापर्व में शामिल होने का आमंत्रण देते हुए कहा कि मां वृंदा देवी की पावन भूमि पर आयोजित यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र की आस्था, संस्कृति एवं सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि सभी भक्तजन प्राचीन सिद्धदात्री भूमि फोड़ मां वृंदा देवी (डिंडा कपाट) धाम पहुंचकर माता की पूजा-अर्चना करें और शारदीय नवरात्रि महापर्व को श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाएं।