“हम नहीं होंगे, लेकिन हमारी आंखों से कोई दुनिया देख सकेगा…” — सेवा सेतु शिविर के दौरान पाटन में तीन लोगों ने लिया नेत्रदान का संकल्प

“हम नहीं होंगे, लेकिन हमारी आंखों से कोई दुनिया देख सकेगा…” —  सेवा सेतु शिविर के दौरान पाटन में तीन लोगों ने लिया नेत्रदान का संकल्प

161 आवेदन मिले, 140 का मौके पर निराकरण; शेष 21 मामलों के लिए तय हुई समय-सीमा,संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर और कलेक्टर अभिजीत सिंह ने शाल-श्रीफल भेंट कर किया सम्मान

पाटन। सेवा सेतु शिविर में आमतौर पर लोग अपनी समस्याओं और मांगों के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, लेकिन पाटन में आयोजित शिविर में तीन लोगों ने इससे आगे बढ़कर किसी और की जिंदगी में रोशनी लाने का संकल्प लिया। पाटन क्षेत्र की ममता बिजौरा, नीता देवांगन और नेम सिंह भारद्वाज ने नेत्रदान की घोषणा कर समाज के सामने मानवीय संवेदना और सेवा की मिसाल पेश की। तीनों ने नेत्रदान से संबंधित प्रपत्र भरकर विभागीय स्टॉल में जमा किए। उनकी इस पहल की शिविर में मौजूद लोगों ने सराहना की। संभागायुक्त एस.एन. राठौर और कलेक्टर अभिजीत सिंह ने मंच पर तीनों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।

‘हमारी आंखों से किसी और की दुनिया रोशन हो’

नेत्रदान की घोषणा करने वाले तीनों व्यक्तियों की पहल शिविर में चर्चा का विषय रही। संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने इसे प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि नेत्रदान का संकल्प समाज के अन्य लोगों को भी आगे आने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने आमजन से नेत्रदान और देहदान के लिए संकल्प लेने की अपील की।

सेवा सेतु शिविर में 161 आवेदन

नेत्रदान की इस प्रेरणादायी पहल के साथ पाटन में सेवा सेतु अभियान के तहत शिविर भी आयोजित किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में आमजन ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कुल 161 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 140 का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष 21 आवेदनों के निराकरण के लिए समय-सीमा तय की गई। संभागायुक्त और कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने शिविर में पहुंचे किसानों और अपनी समस्याएं लेकर आए लोगों से चर्चा कर उनके मामलों के निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

किसानों से पंजीयन कराने की अपील

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने किसानों को किसान पंजीयन के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने भूमि खातेदारों से सेवा सहकारी समिति, लोक सेवा केंद्र, तहसील कार्यालय अथवा अन्य उपलब्ध केंद्रों में जाकर पंजीयन कराने की अपील की।

हितग्राहियों को बांटे प्रमाणपत्र

शिविर में स्वामित्व योजना के लाभान्वित हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख, निःशुल्क खसरा बी-1, वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृति कार्ड, श्रमिक कार्ड, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना कार्ड और पीएम स्वनिधि प्रमाणपत्र वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संभागायुक्त एस.एन. राठौर, कलेक्टर अभिजीत सिंह, पाटन एसडीएम प्रफुल्ल गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक, सीएमओ हेमंत वर्मा, सीईओ महेंद्र जांगड़े, तहसीलदार मनोज गुप्ता, नायब तहसीलदार मनोज रस्तोगी, अतिरिक्त सीईओ श्वेता यादव सहित अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *