पाटन। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की जमीनी सच्चाई जानने सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर पाटन विधानसभा के विभिन्न गांवों के दौरे पर निकले। इस दौरान उन्होंने ग्राम चीचा, गाडाडीह और मुड़पार पहुंचकर निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया और हितग्राहियों से सीधी बातचीत की।
ग्राम चीचा में हितग्राही बिशहत यादव, द्वारीका राम साहू और पुनीत राम ठाकुर ने बताया कि उन्हें मात्र 40 हजार की पहली किश्त मिली है, जो घर बनाने के लिए नाकाफी है। पुनीत राम ने भावुक होते हुए बताया कि कच्चे मकान में दबने से उनकी पत्नी की मौत हो गई, लेकिन दो साल में दूसरी किश्त तक नहीं मिली। मजबूरी में वे तंबू जैसे हालात में रह रहे हैं।
ग्राम गाडाडीह और मुड़पार में भी स्थिति अलग नहीं थी। देवेंद्र गेडाम, राधेलाल यादव, चंद्रशेखर यादव और अन्य ने कहा कि 1.20 लाख की राशि में आवास निर्माण शुरू करना तक संभव नहीं है। उन्होंने सरकार से आवास राशि को बढ़ाकर 2.50 लाख और मनरेगा मजदूरी 50 हजार करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा, “जमीनी स्थिति बेहद चिंताजनक है। कई हितग्राही खुले मंच पर रहने मजबूर हैं। कोई बेघर है, तो कोई हादसे का शिकार। अफसरों की लापरवाही चरम पर है।”
उन्होंने बताया कि जल्द ही प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें आवास राशि बढ़ाने की मांग की जाएगी। यदि मांगें तय समय में पूरी नहीं हुईं, तो जिला पंचायत कार्यालय के सामने हितग्राहियों के साथ मिलकर तंबू लगाकर प्रदर्शन किया जाएगा।
इस मौके पर विक्की चंद्राकर, अमृत राजपूत, सोमेश चंद्राकर, लोचन यादव सहित अनेक ग्रामीण नेता और हितग्राही उपस्थित रहे।