“बड़ा बैगा कौन ? अंधविश्वास और वर्चस्व की लड़ाई में बैगा की चाकू मारकर हत्या””झाड़-फूंक में उलझा अंधविश्वास, पूजा के दौरान हुई हत्या – पांच आरोपी गिरफ्तार”

बालोद। अंधविश्वास, झाड़-फूंक और बैगा परंपरा की वर्चस्व की लड़ाई में ग्राम सिर्राभांठा में एक बैगा की हत्या कर दी गई। घटना 26 मई की है, जब पूजा-पाठ के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि चाकू से वार कर बैगा पुनीत राम ठाकुर की जान ले ली गई। पुलिस की तत्परता से हत्या में शामिल पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी बेलूराम ठाकुर ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि बैगा पुनीत राम ठाकुर को गांव के ही तिहारू राम निषाद अपने घर पूजा-पाठ के लिए ले गए थे। वहां पहले से कुछ बाहरी बैगा और व्यक्ति मौजूद थे। पूजा के दौरान अजीत मंडावी नामक बैगा ने खुद को “बड़ा बैगा” बताते हुए पुनीत राम से विवाद शुरू कर दिया।

बात बढ़ने पर आरोपी तिहारू राम निषाद, कमलेश निषाद और चतुर निषाद ने पुनीत राम को पकड़ लिया और अजीत मंडावी ने धारदार लोहे की चाकू से पुनीत के गले पर वार कर दिया। पुनीत की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए आरोपी की पत्नी धनेश्वरी निषाद ने चाकू को पानी से धोकर उसे वापस अजीत को सौंप दिया।

घटना के संबंध में थाना गुण्डरदेही में अपराध क्रमांक 153/2025 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल, एएसपी मोनिका ठाकुर और एसडीओपी राजेश बागडे के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. तिहारू राम निषाद (35), सिर्राभांठा
  2. कमलेश निषाद (34), कमरौद
  3. अजीत मंडावी (37), सुरडोंगर
  4. चतुर निषाद (55), काड़े
  5. धनेश्वरी निषाद (32), सिर्राभांठा

टीम की सराहनीय भूमिका:
सहायक उपनिरीक्षक नंदकुमार साहू, प्रआर ओमप्रकाश धुवे, आर. योगेश्वर चंदनिया, थाना प्रभारी मनीष शेण्डे, सायबर सेल बालोद से उनि जोगेन्द्र साहू समेत पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *