छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों पर 100% कैशलैस सिस्टम लागू होगा, अवैध बिक्री पर सख्ती के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ की शराब दुकानों में जल्द ही पूरी तरह कैशलैस पेमेंट की सुविधा शुरू होगी। वाणिज्यिक कर (आबकारी) मंत्री लखनलाल देवांगन ने सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान इसके लिए स्पष्ट निर्देश दिए। कैशलैस भुगतान व्यवस्था से दुकानों में खरीदारों को चिल्हर और नकदी की परेशानी से छुटकारा मिलेगा।

बैठक में आबकारी मंत्री ने मंदिरा दुकानों की व्यवस्था, लाइसेंस प्रणाली, मार्केटिंग कॉरपोरेशन की गतिविधियों, मदिरा की गुणवत्ता और राजस्व लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की। वाणिज्य कर आबकारी विभाग की सचिव आर. शंगीता ने विभागीय कार्यों का प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड, छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉरपोरेशन तथा आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।

मंत्री देवांगन ने होटल, ढाबों और फार्म हाउस में शराब की अवैध बिक्री रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सभी शराब दुकानों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर मुख्यालय से 24 घंटे निगरानी रखने को भी कहा। साथ ही, अवैध मदिरा व मादक पदार्थों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर कड़ी कार्रवाई तथा अंतर्राज्यीय सीमाओं पर आबकारी चौकियों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने विभागीय गतिविधियों की समीक्षा करते हुए राजस्व लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए विशेष कार्य योजनाएं तैयार करने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *