रानीतराई। ग्राम भनसुली (के) में ग्रामीण साहू समाज के तत्वाधान में संत माता कर्मा की 1010वीं जयंती समारोह श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के संदेश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तहसील साहू संघ पाटन के उपाध्यक्ष डुलेश्वर साहू उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता कार्यकारिणी अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य पाटन दिनेश साहू ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण एवं संत माता कर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ, जिसमें उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। मुख्य अतिथि डुलेश्वर साहू ने अपने संबोधन में कहा कि संत माता कर्मा ने भक्ति, त्याग और समर्पण के माध्यम से भगवान को प्राप्त किया, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से सामाजिक दायित्वों के निर्वहन और सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
अध्यक्षता कर रहे दिनेश साहू ने कहा कि समाज रूपी गंगा में सभी को सहभागिता निभाकर अपने जीवन को सार्थक बनाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवा पीढ़ी को शिक्षा के साथ संस्कारों को अपनाने की सीख दी। वहीं, जिला पंचायत दुर्ग के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक साहू ने समाज की एकजुटता को सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कर्मा मंदिर के वरिष्ठ सियान गजाधर साहू को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के अंतर्गत सुबह 11 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली गई, दोपहर में महाप्रसादी का आयोजन हुआ तथा शाम को अतिथियों के उद्बोधन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हुई। रात्रि में छत्तीसगढ़ी लोक सांस्कृतिक मंच “गोपाल बलराम नाचा पार्टी, बालोद” द्वारा मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसे ग्रामीणों ने खूब सराहा। इस अवसर पर समाज के अनेक पदाधिकारी, महिला मंडल, युवा वर्ग एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाई।