111 मानस मंडलियों ने गूंजाया रामनाम, ‘मानस मंथन 6.0 महोत्सव’ का हुआ भव्य समापन ! सीताराम मानस परिवार, ग्राम मुसरा (डोंगरगढ़) पहले स्थान पर रहे, वहीं पुनेश्वर साहू को सर्वश्रेष्ठ संचालक का सम्मान..

111 मानस मंडलियों ने गूंजाया रामनाम, ‘मानस मंथन 6.0 महोत्सव’ का हुआ भव्य समापन ! सीताराम मानस परिवार, ग्राम मुसरा (डोंगरगढ़) पहले स्थान पर रहे, वहीं पुनेश्वर साहू को सर्वश्रेष्ठ संचालक का सम्मान..

मानस ब्रह्म गर्भ’ थीम पर आयोजित राज्यस्तरीय ऑनलाइन प्रतियोगिता में मुसरा की सीताराम मानस परिवार प्रथम, चंदखुरी में होगा विजेता मंडलियों का सम्मान समारोह

दुर्ग। मानस दर्शन जीवन अर्पण छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय ऑनलाइन मानस गान प्रतियोगिता “मानस ब्रह्म गर्भ – मानस मंथन 6.0 महोत्सव 2026” का भावपूर्ण एवं ऐतिहासिक समापन हो गया। एक माह तक चले इस आध्यात्मिक महोत्सव में छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों की 111 मानस मंडलियों ने भाग लेकर प्रभु श्रीराम के आदर्शों, मर्यादाओं और रामचरितमानस की दिव्य शिक्षाओं का भावपूर्ण गायन किया।

संस्था के संस्थापक एवं मार्गदर्शक दीपक गुहा ‘मानस जिज्ञासु’ (भारत गौरव) के नेतृत्व में यह आयोजन 5 मई से 2 जून 2026 तक दो चरणों में संपन्न हुआ। इस वर्ष महोत्सव की थीम “मानस ब्रह्म गर्भ” रखी गई थी, जिसका उद्देश्य श्रीरामचरितमानस में निहित ब्रह्म के चिदानंद स्वरूप का दर्शन कराना तथा समाज को आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और सनातन संस्कृति से जोड़ना था। आयोजकों ने बताया कि यह प्रतियोगिता केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि रामभक्ति, मानस साधना और सामाजिक समरसता का महायज्ञ बनकर उभरी। डिजिटल माध्यम से आयोजित इस प्रतियोगिता ने प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों तक मानस परंपरा को पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया।

प्रतियोगिता में सीताराम मानस परिवार, ग्राम मुसरा (डोंगरगढ़) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्वरांजली मानस परिवार, तुमाकला द्वितीय तथा शक्ति संगम मानस मंडली, भिंबौरी (बेमेतरा) तृतीय स्थान पर रही। वहीं ज्ञान गंगा मानस परिवार गनियारी, सुर समृद्धि मानस परिवार बेमेतरा, श्रद्धा सुमन बालिका मानस मंडली पचपेड़ी, अदिति हर्षि बालिका मानस परिवार बागबाहरा, स्वांतःसुखाय मानस परिवार छुरिया और जय जगत आजाद मानस परिवार आलेखुंटा को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा।

विशेष श्रेणी में पुनेश्वर साहू को सर्वश्रेष्ठ संचालक, गौरी शंकर मानस मंडली कोसरा को सर्वश्रेष्ठ व्याख्यान तथा जय माँ करियापाट मानस मंडली सिवनी को संगीत प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया गया। आयोजन के निर्णायक मंडल में भाव पक्ष के लिए गुरुदेव गोपाल वर्मा, कला पक्ष के लिए डॉ. आलोक भट्टाचार्य तथा अनुशासन पक्ष के लिए दीदी माँ अंजु शर्मा शामिल रहीं। संस्था ने सभी निर्णायकों एवं सहयोगी मानस संगठनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

मानस दर्शन जीवन अर्पण परिवार ने घोषणा की है कि इस सत्र का भव्य ऑफलाइन सम्मान समारोह प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की पावन धरा चंदखुरी (जिला रायपुर) में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय संतों की उपस्थिति में विजेता मानस मंडलियों का सम्मान किया जाएगा। संस्था ने कहा कि मानस मंथन 6.0 का अध्याय भले ही पूर्ण हो गया हो, लेकिन समाज में संस्कार, समरसता और रामभक्ति के विस्तार की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *