शब्द शिखर सम्मान 2026’ से सम्मानित हुए मोहित कुमार शर्मा, साहित्यिक साधना को मिला नया गौरव

शब्द शिखर सम्मान 2026’ से सम्मानित हुए मोहित कुमार शर्मा, साहित्यिक साधना को मिला नया गौरव

राजधानी रायपुर में आयोजित रचनाकार सम्मान समारोह में प्रदेशभर के साहित्यकारों का हुआ सम्मान, काव्य पाठ ने बांधा समां

पाटन। साहित्य और सृजन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे पाटन के साहित्यकार मोहित कुमार शर्मा को राजधानी रायपुर के वृंदावन सभागृह में आयोजित रचनाकार सम्मान समारोह में ‘शब्द शिखर सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें साहित्यिक अभिरुचि, रचनात्मक योगदान और निरंतर साहित्य साधना के लिए प्रदान किया गया। वक्ता मंच द्वारा आयोजित इस प्रदेश स्तरीय समारोह में छत्तीसगढ़ के नवोदित एवं प्रतिष्ठित रचनाकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कई साहित्यकारों की पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। विमोचन एवं सम्मान समारोह में वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते, संयोजक शुभम साहू सहित अनेक साहित्य प्रेमी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि वक्ता मंच पिछले तीन दशकों से प्रदेश की माटी से जुड़े रचनाकारों को मंच प्रदान कर रहा है। नवोदित साहित्यकारों को आगे बढ़ाने का यह अभियान सराहनीय है और इसकी निरंतरता बनी रहनी चाहिए। कार्यक्रम में रायपुर, दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बेमेतरा, बालोद, बस्तर, कोंडागांव, महासमुंद, जांजगीर, रायगढ़, पाटन सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कवियों और रचनाकारों को सम्मानित किया गया।

वक्ता मंच द्वारा समय-समय पर नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर काव्य लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। इन प्रतियोगिताओं में चयनित उत्कृष्ट रचनाकारों को सम्मानित करने के साथ उनकी रचनाओं को पुस्तक स्वरूप प्रकाशित करने की योजना भी बनाई गई है। समारोह के द्वितीय सत्र में हिंदी, उर्दू और छत्तीसगढ़ी भाषा में काव्य पाठ हुआ, जिसने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन अध्यक्ष राजेश पराते तथा संयोजन शुभम साहू द्वारा किया गया।

उल्लेखनीय है कि मोहित कुमार शर्मा को इससे पूर्व भी वक्ता मंच द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें ‘उत्कृष्ट रचनाकार 2022’, ‘कलमकार सम्मान’, ‘वीणापाणि सम्मान’ सहित अनेक साहित्यिक अलंकरण प्राप्त हो चुके हैं। इसके अलावा विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक संस्थाओं द्वारा भी उनकी साहित्यिक सेवाओं को सम्मानित किया गया है। साहित्य के साथ-साथ शैक्षणिक क्षेत्र में नवाचार, क्रियात्मक अनुसंधान, संदर्शिका लेखन और शिक्षण गतिविधियों के लिए भी उन्हें खंड, जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि पर साहित्य प्रेमियों, शुभचिंतकों, सहकर्मियों, मित्रों एवं परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *