सत्ती जिले के बंदोरा में पीपल की छांव में सीएम साय की चौपाल : सुशासन तिहार में गांव की आवाज से हुए रूबरू

रायपुर। सुशासन तिहार 2025 के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को सक्ति जिले के बंदोरा गांव का आकस्मिक दौरा किया। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर गांव के समीप स्थित मैदान में उतरा, जिसकी सूचना मिलते ही ग्रामीणों में उत्साह की लहर दौड़ गई।

मुख्यमंत्री ने करीगांव में पीपल के पेड़ की छांव में चौपाल लगाई और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस मौके पर ग्रामीणों और महिलाओं ने कमल का फूल भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। महिलाओं ने मुख्यमंत्री की आरती उतारी और हल्दी-चावल से तिलक लगाकर पारंपरिक सम्मान दिया।

मुख्यमंत्री खाट पर बैठकर गांववासियों से उनकी समस्याओं और ज़रूरतों की जानकारी ले रहे हैं। ग्रामीणों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और जल आपूर्ति से जुड़ी कई समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

इस दौरान चौपाल में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि “सरकार का उद्देश्य हर गांव तक सुशासन की रोशनी पहुंचाना है। जनता की समस्याओं को सुनना और मौके पर ही हल करना हमारी प्राथमिकता है।”

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे प्रशासन और जनता के बीच दूरी कम होगी और वास्तविक मुद्दों पर तुरंत कार्यवाही संभव होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *