दुर्ग। दुर्ग जिले के डबरा पारा रेललाइन क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। खुर्सीपार बालाजी नगर का 18 वर्षीय कॉलेज छात्र जी. श्याम ट्रेन के ऊपर चप्पल उतारने चढ़ा था, इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन के संपर्क में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में उसके शरीर का 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सा जल गया है और उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्याम भिलाई-3 से जामुल की ओर जाने वाली छोटी रेल लाइन पर खड़ी ट्रेन के ऊपर चढ़ा ही था कि अचानक हाई टेंशन लाइन के करंट की चपेट में आ गया। जोरदार झटके से वह ट्रेन के ऊपर से नीचे आ गिरा और वहीं बेसुध पड़ा रहा।
• रेलवे कर्मचारी ने दी सूचना, दोस्त और स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के कुछ ही देर बाद एक रेलवे कर्मचारी ने घायल युवक को देखा और तुरंत उसके परिचितों को सूचना दी। श्याम के दो कॉलेज साथी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से उसे दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल स्टाफ के अनुसार, श्याम पूरी तरह बोलने की स्थिति में नहीं था और उसके कपड़े भी बिजली के तेज झटके से जल चुके थे। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने बताया कि युवक की स्थिति बेहद गंभीर थी और प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया।
• सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती, परिजन स्तब्ध
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि सिर्फ चप्पल उतारने के लिए ट्रेन पर चढ़ना इतनी बड़ी दुर्घटना में बदल जाएगा। परिवार वर्तमान स्थिति को लेकर बेहद चिंतित है।
• रेलवे क्षेत्र में बढ़ रही लापरवाही
स्थानीय लोगों का कहना है कि डबरा पारा और आसपास के इलाकों में किशोर और युवक अक्सर खड़ी ट्रेनों पर चढ़कर सेल्फी लेते हैं या दौड़ते-भागते रहते हैं। रेल क्षेत्र में सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण ऐसे हादसे बार-बार सामने आ रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और रेलवे सुरक्षा दल भी घटनास्थल का निरीक्षण कर चुका है।
फिलहाल युवक श्याम की स्थिति गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उसके इलाज में लगी है।