33 जिलों के 8,456 बाल वैज्ञानिकों का महासंगम, रायपुर में शुरू हुई 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस

33 जिलों के 8,456 बाल वैज्ञानिकों का महासंगम, रायपुर में शुरू हुई 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस

रायपुर। बच्चों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान की प्रवृत्ति और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के अंतर्गत 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का शुभारंभ पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में हुआ। छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सीकॉस्ट) द्वारा आयोजित इस आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे बाल वैज्ञानिक अपनी शोध परियोजनाओं और अभिनव विचारों के माध्यम से वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

इस वर्ष बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय ‘सततता के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ रखा गया है। इसके अंतर्गत पांच उपविषयों पर आधारित शोध परियोजनाएं प्रस्तुत की जाएंगी। प्रदेश के सभी 33 जिलों से कुल 4,228 समूहों के 8,456 बाल वैज्ञानिकों ने पंजीयन कराया है। अक्टूबर और नवंबर में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय मंच पर अपनी परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण करेंगे। विशेषज्ञों द्वारा परियोजनाओं का मूल्यांकन किया जाएगा तथा चयनित बाल वैज्ञानिक राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

वैज्ञानिक खोजों की बुनियाद है मौलिक विज्ञान : ओ.पी. व्यास

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के कुलपति एवं निदेशक ओ.पी. व्यास ने बाल वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी में नए अनुसंधानों एवं आविष्कारों की बुनियाद मौलिक विज्ञान है। वैज्ञानिक प्रगति के लिए जिज्ञासा, तार्किक चिंतन और समस्याओं का विश्लेषण करने की क्षमता जरूरी है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते उपयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि आज तकनीक से प्रश्नों के उत्तर प्राप्त करना आसान हो गया है, लेकिन सही और गुणवत्तापूर्ण प्रश्न तैयार करना अधिक महत्वपूर्ण है। बेहतर प्रश्न ही नए वैज्ञानिक समाधानों और खोजों का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

बच्चों की जिज्ञासा को प्रोत्साहित करना शिक्षकों की जिम्मेदारी : सच्चिदानंद शुक्ल

पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल ने कहा कि विद्यार्थियों में नई सोच, रचनात्मकता और नवाचार की असीम संभावनाएं होती हैं। शिक्षकों को चाहिए कि वे बच्चों की जिज्ञासाओं को समझें, उनका समाधान करें और उन्हें स्वतंत्र रूप से सोचने तथा नए प्रयोग करने के अवसर दें। उन्होंने विश्वविद्यालय में स्थापित आइडियाथॉन का उल्लेख करते हुए बाल वैज्ञानिकों को इसके अवलोकन के लिए आमंत्रित किया।

आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करें शोध परियोजनाएं : प्रशांत कविश्वर

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर ने बाल वैज्ञानिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस बच्चों को अपने आसपास की समस्याओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने और उनके समाधान तलाशने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है। उन्होंने प्रतिभागियों से अपनी शोध परियोजनाओं को आत्मविश्वास और स्पष्टता के साथ प्रस्तुत करने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद (एनसीएसटीसी) का प्रतिष्ठित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक चेतना, जिज्ञासा, रचनात्मकता और अनुसंधान की भावना विकसित करना है। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद आयोजित यह 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस है। उद्घाटन समारोह में राज्य समन्वयक डॉ. जे.के. राय, विश्वविद्यालय के प्रोफेसर केशवकांत साहू, विभिन्न जिलों के जिला समन्वयक, बाल वैज्ञानिक, मार्गदर्शक शिक्षक, प्राध्यापक एवं सीकॉस्ट के वैज्ञानिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *