रायपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर के लाल बहादुर शास्त्री मिनी स्टेडियम में आयोजित महतारी वंदन सम्मेलन में योजना की 25वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर प्रदेश की 69 लाख 48 हजार महिलाओं के खातों में 641 करोड़ 58 लाख रुपए की राशि अंतरित की गई। cमुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य की मातृशक्ति समाज की सबसे बड़ी ताकत है और महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार योजनाएं चला रही है, जिससे परिवार और समाज दोनों मजबूत हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मार्च 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। महिलाओं द्वारा इस राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, बचत और स्वरोजगार जैसे कार्यों में किया जा रहा है, जिससे परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।
25 महीनों में 16 हजार करोड़ से अधिक की मदद
सरकार के अनुसार योजना के तहत 25 महीनों में प्रत्येक हितग्राही महिला को अब तक 25 हजार रुपए की राशि मिल चुकी है। योजना के माध्यम से अब तक कुल 16 हजार 237 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में पहुंचाए जा चुके हैं। योजना को जारी रखने के लिए इस वर्ष के बजट में 8,200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
‘लक्ष्मी सखी मिलेट कार्ट’ पहल का शुभारंभ
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि महतारी वंदन योजना से प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। इस अवसर पर महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘लक्ष्मी सखी मिलेट कार्ट’ पहल का भी शुभारंभ किया गया। सरकार का कहना है कि इस पहल के जरिए महिलाओं को आजीविका के नए अवसर मिलेंगे और वे मिलेट उत्पादों के माध्यम से अपनी आय बढ़ा सकेंगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।