भारत तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड चैंपियन : लगातार दो वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम

YC न्यूज़ डेस्क । भारतीय क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी-20 विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने न सिर्फ 2024 की जीत दोहराई, बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का एक विज्ञापन काफी चर्चा में था, जिसमें उन्होंने कहा था कि “टीम इंडिया हिस्ट्री रिपीट भी करेगी और हिस्ट्री डिफीट भी।” भारतीय टीम ने इस फाइनल में वही कर दिखाया। 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में मिली जीत को दोहराते हुए भारत ने लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीता और कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ दिए।

तीन बड़े इतिहास बदले

इस जीत के साथ भारत ने टी-20 विश्व कप में तीन नए इतिहास रचे। पहली बार किसी मेजबान टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता। इसके अलावा पहली बार किसी टीम ने लगातार दो टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम किए। वहीं भारत टी-20 वर्ल्ड कप तीन बार जीतने वाली दुनिया की पहली टीम भी बन गया।

धोनी और रोहित ने ट्रॉफी के साथ की शुरुआत

फाइनल मुकाबले की शुरुआत खास अंदाज में हुई। 2007 के टी-20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान एमएस धोनी और 2024 के विजेता कप्तान रोहित शर्मा ट्रॉफी लेकर मैदान में आए। इस ऐतिहासिक पल ने दर्शकों को भावुक कर दिया और पूरे स्टेडियम में उत्साह का माहौल बन गया।

ओपनर्स ने दिलाई धमाकेदार शुरुआत

टॉस जीतकर न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय ओपनर्स संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने इस फैसले को गलत साबित कर दिया। दोनों ने पावरप्ले के छह ओवर में बिना विकेट खोए 92 रन बनाकर रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। दोनों के बीच 98 रन की ओपनिंग साझेदारी हुई। अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन की तूफानी पारी खेली। यह टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी रही।

सैमसन और ईशान की शतकीय साझेदारी

अभिषेक के आउट होने के बाद ईशान किशन क्रीज पर आए और उन्होंने संजू सैमसन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 105 रन की तेज साझेदारी की। इस दौरान टीम इंडिया का स्कोर 15 ओवर में 200 रन के पार पहुंच गया। हालांकि 16वें ओवर में जिमी नीशम ने तीन विकेट लेकर भारत की रफ्तार पर थोड़ी रोक लगाई। उन्होंने संजू सैमसन (89), ईशान किशन (54) और कप्तान सूर्यकुमार यादव को आउट किया। इसके बाद अंतिम ओवर में शिवम दुबे ने तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 24 रन जोड़ते हुए टीम का स्कोर 20 ओवर में 255 रन तक पहुंचा दिया। यह टी-20 इंटरनेशनल फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया।

न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब

256 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही। पावरप्ले में ही टीम ने 52 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। फिन एलन, रचिन रवींद्र और ग्लेन फिलिप्स जल्दी आउट हो गए। ओपनर टिम साइफर्ट ने 26 गेंदों में 52 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया। कप्तान मिचेल सैंटनर ने भी 43 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। पूरी न्यूजीलैंड टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई।

बुमराह बने प्लेयर ऑफ द मैच

भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। जसप्रीत बुमराह ने 15 रन देकर चार विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला। उन्होंने पांच मैचों में तीन अर्धशतक के साथ 321 रन बनाए। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत ने क्रिकेट जगत में अपनी बादशाहत एक बार फिर साबित कर दी और देशभर में जश्न का माहौल बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *