पाटन। स्वामी आत्मानंद ऑडिटोरियम परिसर, पाटन में रविवार, 07 सितंबर 2025 को आयोजित 25वीं शालेय राज्य स्तरीय भारोत्तोलन एवं फेंसिंग प्रतियोगिता का समापन भव्य रूप से हुआ। इस प्रतियोगिता में 435 प्रतिभागियों और 50 खेल अधिकारियों ने भाग लिया। राज्य स्तर पर चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि, छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि विधायी कार्य मंत्री गजेंद्र यादव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा – “वर्तमान समय में खेल हमारे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। खेलों से मानसिक और शारीरिक विकास होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा शुरू किया गया ‘खेलो इंडिया’ अभियान इसी उद्देश्य के लिए है कि प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में प्रथम आने की ललक और आत्मविश्वास बढ़े।”
मंत्री यादव ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले सत्र से सहायक वाचन पुस्तक योजना पुनः शुरू की जाएगी। उन्होंने चींटी का उदाहरण देते हुए संदेश दिया कि सतत प्रयास और समर्पण से ही सफलता संभव है।।उन्होंने यह भी कहा कि खेलों में अपार संभावनाएं हैं। खेलो इंडिया अभियान के तहत मलखंभ जैसे पारंपरिक खेलों को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा दिया जा रहा है। नारायणपुर और सीआईएसएफ उतई में प्रचलित मलखंभ को आगे विस्तार देने की योजना है। साथ ही उन्होंने प्रदेश में एडवेंचर इंस्टीट्यूट की स्थापना की घोषणा भी की, जिससे विद्यार्थियों का शारीरिक विकास शिक्षा के साथ सुनिश्चित हो सकेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने की। उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं और इनमें अनुशासन व खेल भावना का होना जरूरी है। कार्यक्रम में नगर पंचायत पाटन अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक, उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, जिला पंचायत सदस्य नीलम राजेश चंद्राकर, कल्पना नारद साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मौके पर स्कूल शिक्षा विभाग के सहायक संचालक हेमंत उपाध्याय, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा, सरपंच संघ अध्यक्ष विनय चंद्राकर, पूर्व जनपद अध्यक्ष हर्षा चंद्राकर, सांसद प्रतिनिधि, राजा पाठक, पूर्व मंडल अध्यक्ष लालेश्वर साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
प्रतियोगिता का सफल आयोजन जिला प्रशासन एवं शालेय शिक्षा विभाग दुर्ग द्वारा किया गया। समापन अवसर पर खिलाड़ियों, अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की बड़ी उपस्थिति रही, जिससे पाटन का वातावरण खेल भावना और उत्साह से सराबोर रहा।