
बिलासपुर, 11 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सीपत थाना क्षेत्र के देवरी गांव स्थित श्मशानघाट में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर कथित तंत्र-मंत्र किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी ओम बोले समेत तीन आरोपियों को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी ऋषिकेश कुमार को मौके से गिरफ्तार कर चुकी थी।
देर रात श्मशानघाट पहुंचे थे चार लोग
पुलिस के मुताबिक, चार लोग देर रात पूजा सामग्री लेकर देवरी गांव के श्मशानघाट पहुंचे थे। वहां कथित रूप से तंत्र साधना की जा रही थी। इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आते देख वहां मौजूद लोग भागने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस को मौके से मछली, नींबू, नारियल, सिंदूर सहित अन्य पूजा सामग्री मिली। इसके अलावा कुछ लोगों की तस्वीरें भी वहां रखी हुई थीं। इनमें छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर भी शामिल बताई गई है।
चाकूबाजी के आरोपी की जमानत के लिए तंत्र-मंत्र का आरोप
पुलिस की जांच में सामने आया कि बरामद तस्वीरों में एक तस्वीर उस युवक की थी, जिसके साथ आरोपियों में से एक द्वारा कथित तौर पर चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है। दूसरी तस्वीर प्रियांशु बोले की बताई गई है। पुलिस के अनुसार, प्रियांशु बोले चाकूबाजी के एक मामले में जेल में बंद है। आरोप है कि उसकी जमानत के लिए तंत्र-मंत्र किया जा रहा था। इसी दौरान न्यायिक पदाधिकारी के रूप में हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर भी वहां रखी गई थी।
जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
मामले में पीड़ित की ओर से तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और कथित तौर पर दैवीय शक्तियों का भय दिखाया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के नागपुर में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ओम बोले समेत तीन आरोपियों को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।
BNS की धारा 296 समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में तंत्र-मंत्र के पीछे की पूरी वजह, आरोपियों की भूमिका और अन्य संभावित कड़ियों की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।