
पाटन। महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्ग में आयोजित संभाग स्तरीय योगा ओलंपियाड प्रतियोगिता 2026 में पाटन ब्लॉक के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई है। प्रतियोगिता में दुर्ग संभाग के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने ट्रेडिशनल योगासन विधा में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में 10-14 वर्ष एवं 14-17 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने अनुलोम-विलोम, सूर्य नमस्कार, विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने संतुलन, लचीलापन और एकाग्रता का बेहतरीन परिचय दिया। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद धीरेन्द्र वर्मा और महेन्द्र साहू के मार्गदर्शन में पाटन ब्लॉक से कुल पांच बच्चों ने संभाग स्तर पर सफलता हासिल की। बालिका वर्ग 10-14 वर्ष में टोमांशीक पटेल (शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला तेलीगुण्डरा) और डिगमनी सपहा (सेजस पूर्व माध्यमिक शाला मर्रा) ने चयन प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में प्रथमेश वर्मा (सेजस पूर्व माध्यमिक शाला मर्रा) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इसी तरह बालिका वर्ग 14-17 वर्ष में भाविका देवांगन एवं श्वेता यदु (दोनों शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला तेलीगुण्डरा) ने राज्य स्तरीय योगा ओलंपियाड के लिए स्थान सुरक्षित किया।
बच्चों की इस उपलब्धि पर प्राचार्य कुमुद साहू, प्रधान पाठक एम.एल. वर्मा, संकुल समन्वयक हेमंत कुर्रे, प्रतिमा दुबे, इंटरनेशनल योगा खिलाड़ी धीरेंद्र वर्मा, योगा कोच तुलाराम वर्मा, प्रधान पाठक चंद्रहास साहू, शिक्षक खिलेंद्र साहू, डॉ. डी.एल. चतुर्वेदी, तिलक साव तथा योग प्रशिक्षक महेंद्र कुमार साहू ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।