पहली बारिश में गिरे 11 केवी लाइन के 5 पोल, आगेसरा, गातापार और उमरपोटी में ब्लैकआउट; बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप

पहली बारिश में गिरे 11 केवी लाइन के 5 पोल, आगेसरा, गातापार और उमरपोटी में ब्लैकआउट; बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप

जनप्रतिनिधियों ने पहले ही दी थी चेतावनी, मेंटेनेंस में खानापूर्ति का आरोप; पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान

जामगांव आर। जामगांव आर क्षेत्र के रीवागहन फीडर अंतर्गत आगेसरा, गातापार और उमरपोटी मार्ग पर पहली ही बारिश में 11 केवी मुख्य विद्युत लाइन के करीब पांच पोल गिर जाने से तीनों गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। बिजली गुल होने से ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है, जिससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि संबंधित पोलों की स्थिति काफी समय से जर्जर थी। इसकी जानकारी कई बार जामगांव आर के कनिष्ठ अभियंता (JE) को दी गई थी, लेकिन विभाग ने स्थायी समाधान करने के बजाय केवल औपचारिक मेंटेनेंस कर खानापूर्ति की। नतीजतन पहली ही तेज बारिश में पांच पोल धराशायी हो गए।

घटना के बाद जनप्रतिनिधियों ने तत्काल इसकी सूचना जामगांव आर के जेई और उतई के सहायक अभियंता (AE) को दी। हालांकि समाचार लिखे जाने तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय तक बिजली बंद रहने से पेयजल व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है और दैनिक कार्य भी बाधित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से शीघ्र मरम्मत कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जर्जर विद्युत पोल और लाइनों को बदलने की मांग की है। वहीं, क्षेत्र के लोगों में विभाग की कार्यशैली को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *