
एम्स रायपुर पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया, शोक संतप्त परिजनों से मिलकर जताई संवेदना
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर पहुंचकर पद्म विभूषण से सम्मानित विश्वविख्यात पंडवानी गायिका डॉ. तीजन बाई के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि डॉ. तीजन बाई ने अपनी अद्वितीय कला-साधना, विलक्षण प्रतिभा और समर्पण से पंडवानी लोकगायन को विश्व मंच पर नई पहचान दिलाई। उन्होंने छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित किया और अपनी अमिट छाप छोड़ी।
उन्होंने कहा कि डॉ. तीजन बाई का निधन छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी कला, संघर्ष और योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने महान लोक कलाकार को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके प्रति अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि व्यक्त की।