
जामगांव आर । सेवा, समर्पण और सामाजिक सद्भाव की भावना के साथ शासकीय प्राथमिक शाला उमरपोटी, संकुल आगेसरा, विकासखंड पाटन के प्रधान पाठक बी.आर. निषाद ने 15 अक्टूबर 2026 को अपने 50वें जन्मदिन के अवसर पर स्कूली बच्चों के लिए न्यौता भोज का आयोजन किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के साथ खुशियां साझा करते हुए सेवा और परोपकार का प्रेरणादायी संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ आमंत्रित अतिथियों की उपस्थिति में माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। तत्पश्चात बच्चों और शिक्षक साथियों ने पंगत में बैठकर खीर, पूरी, फल सहित स्वादिष्ट व्यंजनों से युक्त न्यौता भोज का आनंद लिया। इस आयोजन से विद्यालय का वातावरण उल्लास, आत्मीयता और अपनत्व से सराबोर रहा। प्रधान पाठक बी.आर. निषाद का यह प्रयास जन्मदिन को केवल व्यक्तिगत उत्सव तक सीमित रखने के बजाय बच्चों के साथ खुशियां बांटने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की मिसाल बना। उनका मानना है कि सेवा ही सच्ची साधना है और दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाना जीवन की सबसे बड़ी खुशी है। विद्यालय के प्रति समर्पित और सहयोगात्मक भावना रखने वाले निषाद सामाजिक कल्याण के कार्यों में भी सक्रिय रहते हैं।
कार्यक्रम के अंत में बी.आर. निषाद ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षक साथियों और बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया। उपस्थित जनों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संकुल आगेसरा के प्रधान पाठक देवराव वैद सहित शिक्षक अनूप कुमार दुबे, चमेली साहू, मुकुंद कुमार रामटेके, शिवराम ठाकुर, मुकेश कुमार बनपाल, सुशील कुमार नागे, राघवेन्द्र कुमार ध्रुव, टिकेश्वरी साहू, वाणी साहू, प्रेमीन साहू एवं चोवा राम नेताम उपस्थित रहे।