जामगांव एम में चंद्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय चंद्राकर समाज का 56वां महाअधिवेशन आज ! डिप्टी सीएम विजय शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में गूंजेगा समाज का स्वर

जामगांव एम। चंद्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय चंद्राकर समाज की एकता, संगठन और सामाजिक सशक्तिकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से 56वां विशाल महाअधिवेशन 5 अप्रैल, रविवार को जामगांव एम में आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर समाज के लोगों में उत्साह और तैयारियां जोरों पर हैं। उपक्षेत्र जामगांव एम के अध्यक्ष लोकमनी चंद्राकर ने जानकारी देते हुए बताया कि महाअधिवेशन में प्रदेश के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्गराज के अध्यक्ष प्रदीप चंद्राकर करेंगे, जबकि सांसद विजय बघेल, पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष एवं विधायक दुर्ग ग्रामीण ललित चंद्राकर सहित अन्य विशिष्ट अतिथि भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

वहीं द्वितीय सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस सत्र की अध्यक्षता भी प्रदीप चंद्राकर द्वारा की जाएगी, जिसमें सामाजिक पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। आयोजन के दौरान समाज के संगठन को मजबूत करने, शिक्षा के विस्तार, युवा सशक्तिकरण, महिला उत्थान एवं आर्थिक उन्नति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को मुख्यधारा से जोड़ना तथा महिला, युवा, किसान और व्यापारी वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। समाज के पदाधिकारियों ने सभी समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस महाअधिवेशन को सफल बनाने और एकता व शक्ति का परिचय देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *