
दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महज 6 साल का एक छात्र अपनी अद्भुत प्रतिभा के चलते सुर्खियों में है। कक्षा पहली में पढ़ने वाले रुद्र शर्मा अपनी तेज याददाश्त और असाधारण जनरल नॉलेज के दम पर UPSC-PSC स्तर के सवालों का फर्राटे से जवाब देते हैं। उनकी इसी प्रतिभा के कारण लोग उन्हें ‘छत्तीसगढ़ का गूगल बॉय’ कहने लगे हैं। हाल ही में रमेन डेका ने रुद्र की प्रतिभा से प्रभावित होकर राजभवन में उन्हें सम्मानित किया। मुलाकात के दौरान रुद्र ने बिना झिझक कठिन से कठिन सवालों के सटीक जवाब देकर सभी को चौंका दिया।
रुद्र की खासियत यह है कि वह खुद लोगों को कठिन सवाल पूछने की चुनौती देता है। दैनिक भास्कर डिजिटल से बातचीत में उसने ‘आरंग’ के नामकरण का इतिहास, भारत के रहस्यमयी मंदिरों की जानकारी और देश के सभी प्रधानमंत्रियों के नाम बेहद सहजता से गिना दिए। इतिहास, पौराणिक कथाओं और देश-दुनिया के विषयों पर मजबूत पकड़ रखने वाले रुद्र की जानकारी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के स्तर की मानी जा रही है। वह छत्तीसगढ़ से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों पर समान रूप से पकड़ रखते हैं।
रुद्र को किताबें और अखबार पढ़ने का विशेष शौक है। वह नियमित रूप से विभिन्न विषयों की पुस्तकें पढ़ते हैं और अनोखे तरीके से पढ़ाई करते हैं। उदाहरण के तौर पर, उन्होंने छत्तीसगढ़ के वन्य अभयारण्यों के नाम एक गीत के जरिए याद किए हैं। उनका मानना है कि इस तरह पढ़ाई करने से चीजें लंबे समय तक याद रहती हैं। परिवार के अनुसार, रुद्र बचपन से ही जिज्ञासु स्वभाव का है और नई-नई जानकारियां हासिल करने में रुचि रखता है। उसकी मां पायल शर्मा बताती हैं कि रुद्र खेल-खेल में पढ़ाई करता है और सवाल पूछना उसे बेहद पसंद है, जिसमें परिवार भी उसका पूरा सहयोग करता है। भविष्य को लेकर रुद्र का लक्ष्य भी स्पष्ट है। वह आईएएस बनकर कलेक्टर बनने का सपना देखता है और देश की सेवा करना चाहता है। रुद्र का कहना है कि वह आगे और ज्यादा सीखकर समाज के लिए कुछ अच्छा करना चाहता है।