ओटेबंद में 66वां विष्णु महायज्ञ प्रारंभ, वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजा परिसर; कथा व सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा मेला

दुर्ग। बालोद व दुर्ग जिले की सीमा से लगे ओटेबंद (बगीचा) में 66वां विष्णु महायज्ञ धार्मिक आस्था, वैदिक परंपरा और भक्तिभाव के साथ शुरू हो गया है। हवन-पूजन के शुभारंभ के साथ ही यज्ञ स्थल वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति संगीत से गुंजायमान हो उठा। मंदिर परिसर में भगवान विष्णु की क्षीरसागर मुद्रा में आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई है, जहां माता लक्ष्मी सहित विराजमान भगवान के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु सुख-समृद्धि, शांति और परिवार के मंगल की कामना करते हुए विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर रहे हैं। यज्ञ स्थल पर वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।

यज्ञ के साथ ही मंदिर परिसर के आसपास भव्य मेला भी सज गया है। मेले में पूजन सामग्री, खिलौने, घरेलू उपयोग की वस्तुएं तथा विविध खान-पान की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी वर्गों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। आयोजकों के अनुसार 1 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 12:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक राजीव नयन महाराज (श्रीधाम वृंदावन) द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। वहीं प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से आदर्श नाट्य कला मंडली भेंडरा द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं, जो दर्शकों को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक रंग में रंग रही हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से यज्ञ, कथा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *