
सर्वेयर की खराब तबीयत के कारण अधूरा रह गया सर्वे, अकतई, चारभाठा और रीवागहन के किसानों ने शिविर लगाकर जमा किए आवेदन, फिर भी नहीं हुआ रकबा सुधार
जामगांव आर। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के साथ ही किसानों की समस्याएं सामने आने लगी हैं। सेवा सहकारी समिति निपानी क्रमांक 2525 के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत अकतई, चारभाठा और रीवागहन के करीब 85 किसान गिरदावरी एवं रकबा सुधार की समस्या से जूझ रहे हैं। किसानों का आरोप है कि सर्वेयर की तबीयत खराब होने के कारण निर्धारित समय में सर्वे का कार्य पूरा नहीं हो पाया, जिसके चलते कई किसानों की गिरदावरी दर्ज नहीं हो सकी और उनका वास्तविक रकबा ऑनलाइन रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हो पाया।
रीवागहन के किसान ईश्वर ठाकुर एवं राजेश साहू ने बताया गया कि उनका सर्वे सैटेलाइट के माध्यम से किया गया है। लेकिन रिकॉर्ड में रकबा कम दर्ज होने के कारण किसानों के सामने समर्थन मूल्य पर अपनी पूरी उपज बेचने का संकट खड़ा हो गया है। प्रकाश शुक्ला एवं लक्ष्मीनारायण बंजारे, पीतांबर मारकंडे ने कहा कि समय रहते रकबा सुधार नहीं हुआ तो वे अपनी मेहनत से उपजाई धान की फसल का पूरा विक्रय नहीं कर पाएंगे।
समस्या को लेकर ग्राम पंचायत अकतई की ओर से शिविर आयोजित कर प्रभावित किसानों से आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज जमा कराए गए। इसके बाद ग्राम पंचायत सचिव तथा सेवा सहकारी समिति बेल्हारी के प्रबंधक बी.आर. वर्मा के माध्यम से किसानों के आवेदन तहसीलदार पाटन को सौंपे गए। इसके बावजूद अब तक किसानों के रकबे में सुधार नहीं होने से उनमें नाराजगी और चिंता बनी हुई है।
आवेदन जमा, फिर भी समाधान का इंतजार
सुखराम निषाद, देवेंद्र साहू,नोहर साहू,देवराज ठाकुर का कहना है कि जब समय रहते प्रशासन के समक्ष अपनी समस्या रखी जा चुकी है और आवेदन भी जमा हो चुके हैं, तो फिर रकबा सुधार में देरी क्यों हो रही है? धान खरीदी का महत्वपूर्ण समय शुरू हो चुका है। ऐसे में राजस्व विभाग और संबंधित अधिकारियों की देरी किसानों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है।
ग्राम पंचायत अकतई की सरपंच माधुरी निषाद ने संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द निराकरण करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों के वास्तविक रकबे का सत्यापन कर रिकॉर्ड में तत्काल सुधार किया जाए, ताकि कोई भी किसान प्रशासनिक प्रक्रिया की खामी के कारण समर्थन मूल्य पर अपनी धान बेचने के अधिकार से वंचित न रहे। अब सवाल यह है कि जब किसानों ने समय रहते आवेदन जमा कर दिए हैं, तो उनके रकबे में सुधार कब होगा? क्या प्रशासन धान खरीदी की समय-सीमा के भीतर इन 85 किसानों की समस्या का समाधान कर पाएगा? किसानों की निगाहें अब तहसील प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों पर टिकी हैं।