दो दिन में स्वाइन फ्लू के 85 नए मरीज, रायपुर में सबसे ज्यादा असर; छत्तीसगढ़ में 344 केस, 122 एक्टिव

दो दिन में स्वाइन फ्लू के 85 नए मरीज, रायपुर में सबसे ज्यादा असर; छत्तीसगढ़ में 344 केस, 122 एक्टिव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू के 344 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 122 मरीज एक्टिव हैं। पिछले दो दिनों में ही राज्य में 85 नए मरीज मिले हैं। राहत की बात यह है कि अब तक संक्रमण से किसी मरीज की मौत दर्ज नहीं हुई है। 8 सितंबर के अपडेट में प्रदेश में कुल 298 पॉजिटिव मरीज थे, जबकि 9 सितंबर की रिपोर्ट में यह आंकड़ा बढ़कर 344 हो गया। यानी एक दिन में कुल मामलों में 46 की बढ़ोतरी हुई। नए मामलों में रायपुर सबसे आगे रहा।

रायपुर में 19 नए मरीज, कुल संख्या 146

9 सितंबर को प्रदेश में 39 नए पॉजिटिव मरीज मिले। इनमें रायपुर में 19, महासमुंद में 10, बिलासपुर में 3, कोरबा में 2 और दुर्ग, रायगढ़, मुंगेली, राजनांदगांव तथा सरगुजा में 1-1 नया मामला सामने आया। रायपुर में 8 सितंबर तक कुल 127 मरीज थे, जो 9 सितंबर को बढ़कर 146 हो गए। प्रदेश के कुल 344 मामलों में अकेले रायपुर की हिस्सेदारी करीब 42 प्रतिशत है।

एक्टिव मरीजों की संख्या 122 पहुंची

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 8 सितंबर तक प्रदेश में 113 एक्टिव मरीज थे। इनमें 81 अस्पताल में भर्ती थे, जबकि 32 मरीज होम आइसोलेशन में थे। 9 सितंबर को एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 122 हो गई। अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या भी 81 से बढ़कर 90 हो गई है। वहीं होम आइसोलेशन में मरीजों की संख्या 32 बनी हुई है।

रायपुर के बाद दुर्ग और बिलासपुर में ज्यादा मामले

प्रदेश में कुल मामलों के लिहाज से रायपुर के बाद दुर्ग और बिलासपुर में सबसे ज्यादा मरीज मिले हैं। दोनों जिलों में अब तक 41-41 मामले सामने आए हैं। 8 सितंबर तक दुर्ग में 40 और बिलासपुर में 38 मरीज थे। इसके बाद दुर्ग में 1 और बिलासपुर में 3 नए मरीज जुड़े। इसी तरह कोरबा में कुल मरीजों की संख्या 19 से बढ़कर 21, रायगढ़ में 12 से 13, मुंगेली में 1 से 2 और राजनांदगांव में 7 से 8 हो गई है। महासमुंद में अब तक कुल 17 मरीज सामने आ चुके हैं।

क्या है H1N1 स्वाइन फ्लू?

H1N1 इन्फ्लुएंजा वायरस का एक प्रकार है। इसके लक्षण सामान्य फ्लू जैसे हो सकते हैं। इनमें बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द और कमजोरी प्रमुख हैं। कुछ मामलों में संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है और सांस लेने में परेशानी जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।

बुखार के साथ सांस लेने में दिक्कत हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें

डॉ. विकास अग्रवाल के मुताबिक बुखार के साथ लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो इसे सामान्य वायरल समझकर खुद से दवा नहीं लेनी चाहिए। ऐसे लक्षण होने पर डॉक्टर से जांच और उचित चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग संक्रमित मरीजों की निगरानी और उपचार कर रहा है। फिलहाल प्रदेश में H1N1 संक्रमण से किसी मौत की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *