“850 श्रद्धालुओं ने भांचा राम के दर्शन के लिए भरी आस्था की उड़ान – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी शुभकामनाएं”

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित श्रीरामलला दर्शन योजना के अंतर्गत रायपुर संभाग से 850 श्रद्धालुओं का दल मंगलवार को विशेष ट्रेन से अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालुओं की इस धार्मिक यात्रा के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सभी को शुभकामनाएं दीं और इस योजना को प्रदेश की सांस्कृतिक चेतना को जागृत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह यात्रा केवल तीर्थदर्शन नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और सेवा का संगम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की यह संकल्पना रही है कि देश का हर नागरिक प्रभु श्रीराम के दर्शन करे, और यही गारंटी अब छत्तीसगढ़ की धरती पर मूर्त रूप ले रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने मार्च 2024 तक 20,000 श्रद्धालुओं को अयोध्या भेजने का लक्ष्य रखा था, जो अब 22,000 से अधिक हो चुका है।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम के अलावा काशी विश्वनाथ धाम के भी दर्शन कराए जाएंगे। वर्ष 2025-26 के लिए इस योजना हेतु ₹36 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया है।

रायपुर स्टेशन पर जय श्रीराम के जयकारे

यात्रा के लिए मंगलवार को रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 से विशेष ट्रेन को दोपहर 1:00 बजे राजस्व, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर स्टेशन परिसर ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं एवं उनके परिजनों में खासा उत्साह देखा गया। श्रद्धालुओं का पारंपरिक छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य एवं लोकवाद्य के साथ स्वागत किया गया। वहीं IRCTC प्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया। इस अवसर पर विधायकगण पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, गुरु खुशवंत साहिब, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राज्य वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, सचिव संस्कृति एवं पर्यटन डॉ. रोहित यादव, पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, एवं रेलवे-IRCTC के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

योजना से जुड़ी प्रमुख जानकारियां:

योजना की शुरुआत 5 मार्च 2024 को रायपुर से मुख्यमंत्री द्वारा की गई थी।

23 फरवरी 2024 को छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल व IRCTC के मध्य एमओयू संपादित किया गया।

अब तक 27 विशेष ट्रेनें अयोध्या के लिए छत्तीसगढ़ से रवाना हो चुकी हैं।

बीते एक वर्ष में योजना के अंतर्गत लगभग 22,100 श्रद्धालु लाभान्वित हो चुके हैं।

वर्ष 2025-26 की पहली विशेष ट्रेन रायपुर से रवाना हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *