फेकारी में 17 अक्टूबर को निकलेगी 9वीं भव्य चुनरी यात्रा, पाटन क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण मां काली मंदिर में चुनरी चढ़ाकर करेंगे पूजा-अर्चना; रक्तदान और निःशुल्क स्वास्थ्य-नेत्र जांच शिविर भी लगेगा

फेकारी में 17 अक्टूबर को निकलेगी 9वीं भव्य चुनरी यात्रा, पाटन क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण मां काली मंदिर में चुनरी चढ़ाकर करेंगे पूजा-अर्चना; रक्तदान और निःशुल्क स्वास्थ्य-नेत्र जांच शिविर भी लगेगा

पाटन। दुर्ग जिले के पाटन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम फेकारी में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर 17 और 18 अक्टूबर को दो दिवसीय धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन किया जाएगा। युवा सक्रियता संगठन और समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित 9वीं भव्य चुनरी यात्रा के साथ सम्मान समारोह, विशाल रक्तदान शिविर तथा निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन होगा। कार्यक्रम के तहत दोपहर 3 बजे रावितधाम मां काली मंदिर में दीप प्रज्ज्वलन एवं शुभारंभ होगा। शाम 4 बजे ग्राम फेकारी में चुनरी चढ़ावा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें तहसील साहू संघ पाटन के अध्यक्ष लालेेश्वर साहू मुख्य अतिथि, सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर प्रमुख अतिथि, ग्राम पंचायत पाटन के सभापति प्रपन्न शर्मा विशिष्ट अतिथि तथा पूर्व मंडी सदस्य पोषु राम निर्मलकर अध्यक्षता करेंगे। विशेष अतिथियों में वरिष्ठ एलआईसी अभिकर्ता रविशंकर साहू, पूर्व जनपद सदस्य डॉ. रामनाथ साहू और शिक्षक हितेंद्र कुमार साहू शामिल होंगे। शाम 4 बजे ग्राम फेकारी में नवयुवक दुर्गोत्सव समिति के चुनरी चढ़ावा कार्यक्रम में सरपंच संघ पाटन के अध्यक्ष विनय चंद्राकर सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।

17 अक्टूबर को निकलेगी भव्य चुनरी यात्रा

आयोजक योगेश साहू के अनुसार, 17 अक्टूबर, शनिवार को भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु रावितधाम मां काली मंदिर फेकारी में चुनरी चढ़ाकर माता रानी की पूजा-अर्चना करेंगे। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर दोपहर 3 बजे दीप प्रज्ज्वलन एवं शुभारंभ का कार्यक्रम निर्धारित है। धार्मिक आयोजन में आसपास के गांवों से भी श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

18 अक्टूबर को होगा सम्मान एवं समापन समारोह

18 अक्टूबर, रविवार को सम्मान एवं समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में पाटन विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पूर्व ओएसडी आशीष वर्मा प्रमुख अतिथि तथा जामगांव-आर ब्लॉक अध्यक्ष राजेश ठाकुर विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्ग कृषि उपज मंडी के पूर्व अध्यक्ष अश्वनी साहू करेंगे। विशेष अतिथियों में जिला पंचायत दुर्ग के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक साहू, जनपद सदस्य दिनेश साहू, पूर्व शाकंभरी बोर्ड सदस्य पवन पटेल, ग्राम पंचायत फेकारी के सरपंच यीवगेन्द्र साहू तथा फेकारी के पूर्व सरपंच टिकेश्वर साहू शामिल रहेंगे।

रक्तदान और निःशुल्क स्वास्थ्य-नेत्र जांच शिविर

धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सेवा को जोड़ते हुए 18 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विशाल रक्तदान शिविर तथा निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

चुनरी चढ़ावा और भक्ति संध्या भी होगी आकर्षण

आयोजन के तहत 17 अक्टूबर को शाम 5 बजे तिलकधारा फेकारी में नवयुवक सरस्वती पूजा उत्सव समिति के सहयोग से चुनरी चढ़ावा कार्यक्रम होगा। शाम 6 बजे ग्राम परसाही की नवदीप दुर्गोत्सव समिति के तत्वावधान में चुनरी चढ़ावा आयोजित किया जाएगा। रात 8 बजे गाड़ाघाट, धमधा (दुर्ग) के जय मां शारदा जस बरई झांकी परिवार की प्रस्तुति होगी। वहीं रात 7 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगा। 18 अक्टूबर को शाम 2 से 4 बजे तक भजन संध्या में शील सिंधु राघव मानस परिवार परसाही की प्रस्तुति निर्धारित है।

धर्म के साथ समाजसेवा का संदेश

आयोजक योगेश साहू ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामवासियों से आयोजन में शामिल होने की अपील की है। दो दिवसीय कार्यक्रम के माध्यम से धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता, रक्तदान और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *