भाजपा कार्यकर्ताओं का थाने में देर रात तक जमावड़ा, पुलिस ने की पूछताछ
भिलाई।।छत्तीसगढ़ के भिलाई से एक बड़ा राजनीतिक मामला सामने आया है। पूर्व साडा उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बृजमोहन सिंह के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी करने के मामले में वैशालीनगर थाना पुलिस ने गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया है। यह मामला प्रदेश की राजनीति में हलचल पैदा कर रहा है।
जानकारी के अनुसार शांति नगर निवासी तुषार देवांगन (उम्र 31 वर्ष) ने वैशालीनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई कि दिनांक 03 जून 2025 की शाम लगभग 8 बजे बृजमोहन सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट से प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अश्लील, आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा में कमेंट किया।
शिकायतकर्ता तुषार ने बताया कि इस कमेंट को उन्होंने स्वयं पढ़ा और उनके साथ मदन सेन, शारदा गुप्ता, राजेश सिंह, पारस जंघेल, सचिन ताम्रकार, ठाकुर निहाल, स्वीटी कौशिक, विजय शुक्ला सहित कई अन्य लोगों ने भी देखा और उसे अत्यंत आपत्तिजनक बताया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वैशालीनगर पुलिस ने बृजमोहन सिंह के खिलाफ धारा 296, 353 (1)(b), 353 (1)(c), 353 (2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और उन्हें थाने लाकर पूछताछ की गई।
रात भर भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ थाने में जुटी रही, जहां उन्होंने कांग्रेस नेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। गौरतलब है कि बृजमोहन सिंह पिछले चार दशकों से कांग्रेस से जुड़े हैं और पूर्व में साडा उपाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा वे वैशालीनगर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ चुके हैं। पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।