मामूली विवाद ने ली जान : उतई पुलिस ने 24 घंटे में हत्या के चार आरोपी गिरफ्तार कर भेजे जेल

उतई। दुर्ग जिले में थाना उतई पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर हत्या के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामूली विवाद में गाली-गलौज के बाद एक युवक की बेदम पिटाई कर हत्या कर दी गई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09.05.2025 को प्रार्थिया श्रीमती शांति खुटियारे (59 वर्ष), निवासी ग्राम छाटा, ने थाना उतई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पुत्र हरकिशन (मृतक) 8 मई की रात करीब 8:30 बजे मोटर साइकिल से घर लौट रहा था। रास्ते में पड़ोसी नुपुर घटे, जो अपने पति शंकर व दोनों देवरों प्रदीप और ज्ञानेश्वर के साथ रोड पर बैठी थी, ने मोटर साइकिल चलाने के तरीके पर विवाद शुरू कर दिया। गाली-गलौज करते हुए चारों ने हरकिशन का कॉलर पकड़कर उसे घर के सामने लाकर बेदम पिटाई की और रोड किनारे पक्की नाली में जोर से धक्का दे दिया।

परिजनों ने हरकिशन को नाली से उठाकर घर पहुंचाया, लेकिन रात में उसकी तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने आंतरिक चोटों के कारण उसकी मृत्यु की पुष्टि की। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना उतई में अपराध क्रमांक 177/2025, धारा 296, 115(2), 105, 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर आरोपी शंकर घटे (30 वर्ष), नुपुर घटे (25 वर्ष), प्रदीप भोगरे (20 वर्ष), और ज्ञानेश्वर भोगरे (24 वर्ष), सभी मूल निवासी जलगांव, महाराष्ट्र (फिलहाल ग्राम छाटा, दुर्ग), को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सभी ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विपिन रंगारी, उप निरीक्षक कमल सिंह सेंगर, उप निरीक्षक प्रमोद कुमार सिन्हा, प्र.आर. महेश देवांगन, आरक्षक धुवनारायण चंद्रकार, राजीव दुबे, दुष्यंत लहरे, हुलेश्वर साहू, मुकेश यादव, दिलीप सिदार, लक्ष्मीनारायण, शिखर भट्ट, महिला आरक्षक पूजा सोनकर एवं बिंदु भाले की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *