शासकीय मीडिल स्कुल बटरेल में बनेगा आधुनिक प्रार्थना शेड,जिपं सभापति कल्पना ने रखी आधारशिला

शासकीय मीडिल स्कुल बटरेल में बनेगा आधुनिक प्रार्थना शेड,जिपं सभापति कल्पना ने रखी आधारशिला

जामगांव आर। दक्षिण पाटन क्षेत्र के ग्राम बटरेल स्थित शासकीय माध्यमिक शाला परिसर में 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले प्रार्थना शेड का भूमिपूजन जिला पंचायत दुर्ग की सभापति कल्पना साहू के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. दयाराम साहू, जनपद सदस्य अजय कुमार साहू एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय में लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता की पूर्ति होने पर खुशी व्यक्त की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सभापति कल्पना ने कहा कि यह कार्य गांव और विद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रार्थना बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, संस्कार और सकारात्मक सोच का आधार होती है। उन्होंने बताया कि अब तक विद्यार्थियों और ग्रामीणों को धूप, बारिश तथा ठंड के बीच खुले मैदान में प्रार्थना और अन्य कार्यक्रमों में शामिल होना पड़ता था। प्रार्थना शेड बनने के बाद बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों को एक सुरक्षित एवं सुविधायुक्त स्थान उपलब्ध होगा।

पूर्व विधायक डॉ दयाराम साहू ने कहा कि यह प्रार्थना शेड केवल एक भवन नहीं, बल्कि क्षेत्र के बच्चों के बेहतर भविष्य और शैक्षणिक वातावरण को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस कार्य को संभव बनाने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत और ग्रामीणों के सहयोग की सराहना की। कार्यक्रम में सरपंच एमन आठे, उपसरपंच बसंत साहू, सचिव नरेश राजपूत,रुपसिंह साहू, दूरपती साहू, इंद्राणी नेताम, खिलानंद साहू, धनेश्वरी यादव, भेषकुमार आठे, रेवाराम साहू, रमेशू साहू, सुरुज निर्मलकर, संजू साहू, महेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *