रायपुर में मिला कोरोना का एक नया मामला, लोकल ट्रांसमिशन की आशंका ; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट…

रायपुर, 24 मई 2025– देशभर में एक बार फिर बढ़ रहे कोरोना मामलों के बीच छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी कोविड संक्रमण का एक नया मामला सामने आया है। शुक्रवार को सर्दी-खांसी की शिकायत के साथ एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल पहुंचे 41 वर्षीय एक मरीज की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। मरीज लक्ष्मीनगर स्थित पचपेड़ी नाका क्षेत्र का निवासी है और फिलहाल प्राइवेट आइसोलेशन वार्ड में उपचाररत है।

हॉस्पिटल प्रबंधन और राज्य के नोडल अधिकारी डॉ. खेमराज सोनवानी ने इस मामले की पुष्टि की है। अभी तक मरीज की कोई ट्रैवल हिस्ट्री सामने नहीं आई है, जिससे संक्रमण के स्थानीय स्तर पर फैलने की आशंका जताई जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर मरीज के परिजनों के सैंपल लेना शुरू कर दिए हैं और संपर्क में आए अन्य लोगों की ट्रैकिंग व स्क्रीनिंग की जा रही है। देर शाम आने वाली रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि मरीज कोरोना के किस वैरिएंट से संक्रमित है, खासतौर पर नया वैरिएंट JN.1 होने की संभावना पर नजर रखी जा रही है।

प्रशासन की अपील:
कोरोना के इस नए मामले को देखते हुए राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने लोगों से भीड़-भाड़ वाले स्थानों से बचने, मास्क पहनने और लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी है।

सरकार द्वारा हालात पर करीबी नजर रखी जा रही है और ज़रूरत पड़ने पर आगे की गाइडलाइन जारी की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *