दुर्ग/भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग-भिलाई जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। छावनी पुलिस ने बेमेतरा में पदस्थ पुलिस कांस्टेबल विवेक पोद्दार के खिलाफ एक युवती की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट और बलात्कार की धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोप है कि विवेक पोद्दार ने 2021 में पीड़िता के नाबालिग होने के दौरान बार-बार उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार, जब वह नाबालिग थी, तभी विवेक पोद्दार पहली बार उसके घर घुस आया, जब घर में सिर्फ वह अकेली थी। शोर मचाने पर आरोपी ने उसके कपड़े फाड़ दिए, मुंह बंद किया और मारपीट कर दुष्कर्म किया। उसने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता जब मां और भाई से शिकायत करने गई, तो उल्टा उसी को ही झूठा ठहरा दिया गया। विवेक से परिवार की जान-पहचान थी, जिससे आरोपी का मनोबल और बढ़ गया।
कई बार जबरदस्ती संबंध, घरवालों ने किया नजरअंदाज
पीड़िता ने बताया कि घर में माता-पिता की गैरमौजूदगी में आरोपी अक्सर जबरन घुसकर उससे शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब उसने विरोध किया और फिर से मां को सब बताया, तो उसे ही चुप करा दिया गया और कहा गया कि विवेक ऐसा नहीं कर सकता।
यह सिलसिला लंबे समय तक चलता रहा। परिवार ने विवेक से शादी कराने का झांसा देकर उसे चुप कराया और आरोपी ने खुद यह कहकर भरोसा दिलाया कि वो खर्च उठाकर उसकी शादी अच्छी जगह करवा देगा।
एक साल तक चुप रहने के बाद की शादी
लगातार शोषण से तंग आकर पीड़िता ने 20 मई 2023 को मोहल्ले के एक युवक से शादी कर ली और अलग रहने लगी। लेकिन इसके बाद विवेक पोद्दार के कहने पर उसकी मां ने ही बेटी के खिलाफ अपहरण और रेप का झूठा मामला दर्ज करा दिया।
फर्जी केस और निलंबन का इतिहास
विवेक पोद्दार पर पहले भी गंभीर आरोप लगे हैं। 2024 में दुर्ग में तैनाती के दौरान उसने एक स्थानीय गैंगस्टर दीपक नेपाली के दुश्मन को झूठे मामले में फंसाने के लिए गांजा और हथियार उसकी कार में रखवाया था। इस साजिश के उजागर होने के बाद एसपी जितेंद्र शुक्ला ने उसे सस्पेंड कर दिया था।
ASP ने की पुष्टि, आरोपी फरार
इस पूरे मामले की पुष्टि एएसपी पद्मश्री तंवर ने की है। उन्होंने बताया कि 2 जून को पॉक्सो एक्ट और रेप की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बेमेतरा में पुलिस टीम भेजी गई है, लेकिन विवेक पोद्दार फिलहाल फरार है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी छत्तीसगढ़ पुलिस में सिपाही के पद पर पदस्थ है और भिलाई के सुंदर नगर कैंप 1 चर्च के पास रहता है। पीड़िता की वर्तमान उम्र 21 वर्ष है और उसने थाने में दी शिकायत में 2021 से 2022 तक हुए दुष्कर्म की जानकारी विस्तार से दी है।