
मोहला-मानपुर में दर्दनाक हादसा, नशे में धुत चालक पर हत्या समेत कई धाराओं में केस; बच्ची की मौत पर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी छठवीं कक्षा की 12 वर्षीय छात्रा पूनम को कुचल दिया। हादसे में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी करीब 55 किलोमीटर तक ट्रक दौड़ाता रहा। इस दौरान उसने दो जगह पुलिस की नाकाबंदी तोड़ दी और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी कुचलने का प्रयास किया। आखिरकार कोरकोट्टी गांव के पास ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया, जिसके बाद पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार सुबह गुंडरदेही गांव की है। छात्रा पूनम सड़क किनारे खड़ी थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चालक उत्तर प्रदेश का निवासी है और घटना के समय कथित रूप से नशे की हालत में था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने ट्रक की रफ्तार और बढ़ा दी। पुलिस ने कई थानों को अलर्ट कर नाकाबंदी की, लेकिन चालक ने पहले मोहला थाना क्षेत्र और फिर मानपुर थाना के सामने लगाए गए बैरिकेड्स तोड़ दिए। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारी और जवान बाल-बाल बच गए।
करीब 55 किलोमीटर तक चली इस हाई-स्पीड पीछा-पकड़ के बाद मानपुर और कोहका थाना क्षेत्र के बीच कोरकोट्टी गांव के पास पुलिस ने ट्रक को चारों ओर से घेर लिया। खुद को घिरा देख चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन तेज रफ्तार के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी देवी सिंह को गिरफ्तार कर लिया। हादसे में चालक भी घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, दुर्घटना के बाद फरार होने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, छात्रा की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुंडरदेही गांव में शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और शव को पोस्टमार्टम के लिए अंबागढ़ चौकी अस्पताल भेजा गया।