स्कूलों में चलेगा ‘विद्यार्थी के लिए आधार, अब विद्यालय के द्वार’ अभियान, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश

आधार सेचुरेशन और डिजिटल गवर्नेंस पर सरकार का फोकस, बच्चों के नए पंजीयन से लेकर 5 और 15 वर्ष की आयु पर बायोमेट्रिक अपडेट होगा सुनिश्चित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शासकीय योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पारदर्शी और निर्बाध रूप से पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने आधार पंजीयन एवं बायोमेट्रिक अपडेट कार्यों में तेजी लाने की पहल की है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में आधार से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में स्कूली विद्यार्थियों के आधार पंजीयन और बायोमेट्रिक अपडेट को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए ‘विद्यार्थी के लिए आधार, अब विद्यालय के द्वार’ नाम से विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत स्कूल शिक्षा विभाग और संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय से विद्यार्थियों का आधार पंजीयन एवं आवश्यक अपडेट सुनिश्चित करेंगी, ताकि छात्रवृत्ति और अन्य शैक्षणिक योजनाओं का लाभ मिलने में किसी प्रकार की बाधा न आए।

मुख्य सचिव ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के नए आधार नामांकन तथा 5 और 15 वर्ष की आयु पूरी करने वाले बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को डिस्चार्ज से पहले जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) के शत-प्रतिशत आधार नामांकन के लिए दूरस्थ आदिवासी बसाहटों और ग्राम पंचायतों में अटल सेवा केंद्रों के माध्यम से विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं 18 वर्ष से अधिक आयु के नए आधार नामांकन और 100 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आधार डेटा के सत्यापन की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों को लंबित आधार नामांकन और बायोमेट्रिक अपडेट की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में आधार सेवा केंद्रों की उपलब्धता बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में आधार प्रमाणीकरण को शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावी ढंग से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने कहा कि आधार आधारित व्यवस्था से सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और वास्तविक जरूरतमंदों तक शासकीय सहायता का लाभ तेजी से पहुंच सकेगा।

बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, वित्त सचिव डॉ. रोहित यादव, स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *